ePaper

पर्दानशीं मुस्लिम मतदाताओं की जांच के लिये हर मतदान केंद्र पर तैनात हो महिला पुलिस : भाजपा

Updated at : 02 Mar 2017 4:50 PM (IST)
विज्ञापन
पर्दानशीं मुस्लिम मतदाताओं की जांच के लिये हर मतदान केंद्र पर तैनात हो महिला पुलिस : भाजपा

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के छठवें और सातवें चरण के मतदान में बुर्कानशीं मतदाताओं के पहचान पत्र की जांच के लिए महिला पुलिस के तैनाती की मांग की है. विभिन्न मुस्लिम संगठनों ने इसे मुस्लिम महिलाओं के सम्मान पर हमला और मतों के धु्रवीकरण […]

विज्ञापन

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के छठवें और सातवें चरण के मतदान में बुर्कानशीं मतदाताओं के पहचान पत्र की जांच के लिए महिला पुलिस के तैनाती की मांग की है.

विभिन्न मुस्लिम संगठनों ने इसे मुस्लिम महिलाओं के सम्मान पर हमला और मतों के धु्रवीकरण की कोशिश करार दिया है. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जे.पी.एस. राठौर एवं प्रशासनिक कार्य प्रमुख कुलदीप पति त्रिपाठी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को कल भेजी गयी शिकायत में कहा है कि कि विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में महिला मतदाता बुर्का पहनकर मतदान करने आती हैं.

ऐसे में उनकी सही पहचान करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती आवश्यक है. जिससे ऐसे मतदाताओं के पहचान पत्र की ठीक ढंग से जांच हो सके और फर्जी मतदान की आशंका समाप्त की जा सके.

भाजपा ने मऊ तथा बलिया के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों की सूची संलग्न कर मांग की है कि इन क्षेत्रों में अर्द्घसैनिक बलों के बगैर निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है, लिहाजा चुनाव आयोग पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस एवं अर्द्घसैनिक बलों की तैनाती करे.

ऑल इण्डिया मुस्लिम वूमेन पर्सनल ला बोर्ड की अध्यक्ष शाइस्ता अम्बर ने भाजपा की इस मांग की कडी आलोचना करते हुए कहा कि यह हिन्दू मतों के ध्रुवीकरण की कोशिश है. इससे भाजपा की बीमार सोच दिखायी देती है. उन्होंने कहा कि भाजपा की इस मांग से मुस्लिम महिलाएं जोखिम में आ गयी हैं. कोई महिला चाहे बुरका पहने या घूंघट निकाले, किसी को भी यह हक नहीं कि उनके दिल और सम्मान को ठेस पहुंचाए.

ऑल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में चुनाव शुरु हुआ है, तब से किसी ना किसी बहाने से मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले तीन तलाक का मुद्दा उठाया, मगर उसमें कामयाबी नहीं मिलने पर अब वह बुरके का मुद्दा उठा रही है. भाजपा को क्या यह नहीं मालूम है कि मतदान केंद्र में जाने वाले हर व्यक्ति के मतदाता पहचान पत्र या सम्बन्धित अन्य दस्तावेजों की पडताल की जाती है. इसके बावजूद उसने यह मुद्दा उछाला है. यह मुस्लिम महिलाओं को वोट डालने से रोकने की कोशिश है.

ऑल इण्डिया शिया पर्सनल ला बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास ने कहा, ‘‘जहां तक मैं समझता हूं तो यह मतों का धु्रवीकरण करने के लिये किया गया है. बुरके की तौहीन कतई बरदाश्त नहीं की जा सकेगी. हिन्दू महिलाएं भी पल्लू ओढ़ती हैं, क्या मतदान केंद्र पर उनका चेहरा भी देखा जाएगा? औरत की इज्जत बुरके में महफूज रहती है. बुरके पर सियासत ना हो तो बेहतर है.”

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola