शरीफ पाकिस्तान रवाना, पनामा पेपर्स लीक की जांच का वादा किया

लंदन : पनामा पेपर्स लीक में परिवार के सदस्यों का नाम आने के बाद चारो ओर से तीखी आलोचना झेल रहे प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने आज पाकिस्तान रवाना होने से पहले कहा कि वह इस मामले की जांच के पक्ष में हैं. पनामा पेपर्स लीक में शरीफ के दो बेटों और एक बेटी का नाम […]
लंदन : पनामा पेपर्स लीक में परिवार के सदस्यों का नाम आने के बाद चारो ओर से तीखी आलोचना झेल रहे प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने आज पाकिस्तान रवाना होने से पहले कहा कि वह इस मामले की जांच के पक्ष में हैं.
पनामा पेपर्स लीक में शरीफ के दो बेटों और एक बेटी का नाम आया है. लीक के अनुसार, उनकी तीन संतानों की विदेशों में मुखौटा कंपनियां हैं जिनकी मदद से वे ब्रिटेन में महंगे आवासीय संपत्तियों के मालिक हैं.
शरीफ पिछले सप्ताह ‘‘इलाज” के लिए ब्रिटेन आए थे. उस दौरान खबरे थीं कि पनामा पेपर्स लीक में बच्चों के नाम आने के बाद उनपर पद छोडने को लेकर बहुत दबाव है. उनकी ब्रिटेन यात्रा के समय के कारण अफवाहें उडने लगी थीं कि शरीफ इस मामले की जांच पूरी होने तक शायद पाकिस्तान वापस ही ना लौटें और इस लीक के कारण शायद उनकी सरकार गिर सकती है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन भी 1.1 करोड दस्तावेजों के लीक के बाद कर चोरी का मामला झेल रहे हैं. करीब एक सप्ताह के ब्रिटेन प्रवास के बाद वापस लौटने से पहले शरीफ ने मीडिया से कहा कि वह घोटाले की औपचारिक जांच के पक्ष में हैं. स्टील के क्षेत्र में बेहद अमीर उद्योगपति, शरीफ ने कहा कि औपचारिक जांच के लिए एक न्यायाधीश की नियुक्ति करने और उनकी टीम तय करने की प्रक्रिया चल रही है.
66 वर्षीय प्रधानमंत्री ने विरोधियों पर आरोप लगाया कि वे उनकी ब्रिटेन यात्रा के पीछे साजिश कर रहे हैं. शरीफ ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ प्रमुख इमरान खान पर आरोप लगाया कि वे उनकी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों में रोडे अटका रहे हैं. गौरतलब है कि खान ने पनामा पेपर्स लीक की स्वतंत्र जांच कराने में असफल रहने पर लाहौर स्थिति शरीफ के पैतृक आवास के बाहर धरना देने की धमकी दी थी.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बहुमत पाकिस्तानी प्रदर्शन और धरने की राजनीति के विरुद्ध हैं और विकास जारी रखने तथा शांति के पक्ष में हैं.” शरीफ का कहना है कि लंदन में उनके कुछ डॉक्टरी परीक्षण हुए हैं और उनके परिणाम संतोषजनक हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मेरे देश की दुआओं के कारण, मेरी सेहत में सुधार हो रहा है. मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं और पाकिस्तान वापस लौट रहा हूं.”
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




