Wrestlers Protest: ‘हाईकोर्ट या निचली अदालत जाएं खिलाड़ी’, सुप्रीम कोर्ट ने पहलवानों का केस किया बंद
Wrestlers Protest: भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी पहलवानों के धरने का आज 12वां दिन है. बुधवार देर रात धरना दे रहे पहलवानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई. पहलवानों का आरोप है कि नशे में पुलिसकर्मियों ने मारपीट की और अपशब्द कहे. वहीं, पुलिस का कहना है कि आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सोमनाथ भारती बेड लेकर धरना स्थल पहुंचे, उन्हें रोका गया तो पहलवानों ने विवाद शुरू कर दिया. बता दें कि यौन उतपीड़न मामले में बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज ही सुनवाई भी होनी है.
दिल्ली पुलिस ने गीता फोगाट को जंतर-मंतर जाने से रोका
दिल्ली पुलिस ने गीता फोगाट को जंतर-मंतर पर चल रहे पहलवानों के प्रदर्शन में जाने से रोका गया है. गीता ने इसकी जानकारी ट्विटर पर दी है. उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली पुलिस की मनमानी मुझे जंतर- मंतर पर मेरे भाई-बहनों से मिलने जाने के लिए भी रोक दिया गया पुलिस कह रही है की दो ही रास्ते हैं या तो अपने घर वापिस जाओ या फिर पुलिस के घर चलो’. गीता को पुलिस ने करनाल बाइपास के पास रोका है. गीता ने इसे लेकर आगे कहा कि ‘मुझे पुलिस थाने में जाने की बोल रही है हद हो गई जिसको थाने में ले जाना चाहिए उसके बढ़कर interview लिये जा रहे हैं’.
सुप्रीम कोर्ट का आदेश झटका नहीं, प्रदर्शन जारी रहेगा
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही भारत की स्टार महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि ‘हम उच्चतम न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं, हमारा विरोध जारी रहेगा’ उन्होंने कहा,‘ उच्चतम न्यायालय का आदेश झटका नहीं है, इस मामले में न्यायालय जो कर सकता था, उसने वह किया.
Wrestlers Protest Live: ममता बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जंतर-मंतर पर कल रात प्रदर्शनकारी पहलवानों के साथ दिल्ली पुलिस की हाथापाई को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की है. ममता ने कहा, “इस तरह से हमारी बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाना बेहद शर्मनाक है.” उन्होंने कहा, “भारत अपनी बेटियों के साथ खड़ा है और मैं एक इंसान के तौरा पर निश्चित रूप से हमारे पहलवानों के साथ खड़ी हूं. कानून सबके लिए एक है. “शासक का कानून” इन सेनानियों की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचा सकता. आप उन पर हमला कर सकते हैं, लेकिन उनका हौसला नहीं तोड़ सकते. लड़ाई सही है और लड़ाई जारी रहेगी.”
Wrestlers Protest Live: जंतर-मंतर पर झड़प पर दिल्ली पुलिस ने दिया बयान
जंतर-मंतर पर धक्कामुक्की मामले में दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारी पहलवानों के खिलाफ कोई बल प्रयोग नहीं किया गया. पांच पुलिसकर्मी जख्मी हुए. बुधवार रात को जंतर-मंतर पर कोई पुलिसकर्मी शराब के नशे में नहीं मिला, पर्याप्त संख्या में महिला कर्मी मौके पर थीं.
Wrestlers Protest Live: ‘हाईकोर्ट या निचली अदालत जाएं खिलाड़ी’- सुप्रीम कोर्ट
जंतर-मंतर में धरने पर बैठे पहलवानों को सुप्रीम कोर्ट से करारा झटका लगा है. उच्चतम न्यायलय ने पहलवानों का केस बंद कर दिया है. दरअसल, पहलवानों की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हुई. भारतीय कुश्ती संघ के प्रमुख बृजभूषण सिंह पर पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उतपीड़न के आरोपों पर महिला सुप्रीम कोर्ट ने खिलाड़ियों को हाईकोर्ट या निचली अदालत जाने के निर्देश दिए हैं. चीफ जस्टिस का कहना है कि एफआईआर हो चुकी है, जिसके लिए याचिका दाखिल की गई थी. SC का कहना है कि अगर याचिकाकर्ता कुछ और चाहते हैं, तो वे मजिस्ट्रेट या उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में जा सकते हैं.
Wrestlers Protest Live: ‘बेटी बचाओ’ का नारा एक ‘मजाक’: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी पहलवानों के साथ दिल्ली पुलिस के कथित दुर्व्यवहार की गुरुवार को निंदा की और इसे ‘शर्मनाक’ बताया. उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘बेटी बचाओ’ का नारा एक ‘मजाक’ है. राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, “देश के खिलाड़ियों के साथ ऐसा बर्ताव बहुत ही शर्मनाक है. ‘बेटी बचाओ’ बस ढोंग है! असल में भाजपा भारत की बेटियों पर अत्याचार करने से कभी पीछे नहीं हटी है.”
लेखक के बारे में
By Sanjeet Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए