कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन कर चेयरमैन का इस्तीफा मांगा

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 17 Dec 2016 1:57 AM

विज्ञापन

जलपाईगुड़ी: जिला कांग्रेस नेतृत्व ने सार्वजनिक मंच से तृणमूल परिचालित जलपाईगुड़ी नगरपालिका के चेयरमैन मोहन बोस का इस्तीफा मांगा है. डेढ़ साल पहले दल-बदल करके मोहन बोस कांग्रेस से तृणमूल कांग्रेस में गये थे. अभी वह तृणमूल टाउन ब्लॉक कमिटी के अध्यक्ष भी हैं. शुक्रवार दोपहर को शहर के पीसी शर्मा मोड़ पर शहर ब्लॉक […]

विज्ञापन
जलपाईगुड़ी: जिला कांग्रेस नेतृत्व ने सार्वजनिक मंच से तृणमूल परिचालित जलपाईगुड़ी नगरपालिका के चेयरमैन मोहन बोस का इस्तीफा मांगा है. डेढ़ साल पहले दल-बदल करके मोहन बोस कांग्रेस से तृणमूल कांग्रेस में गये थे. अभी वह तृणमूल टाउन ब्लॉक कमिटी के अध्यक्ष भी हैं. शुक्रवार दोपहर को शहर के पीसी शर्मा मोड़ पर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमिटी के धरना प्रदर्शन में तृणमूल परिचालित नगरपालिका बोर्ड के चेयरमैन को भ्रष्ट बताते हुए उनके अविलंब इस्तीफे की मांग की गयी.

साल 2014 तक मोहन बोस जिला कांग्रेस के अध्यक्ष और जलपाईगुड़ी नगरपालिका के चेयरमैन थे. उसी दौरान नगरपालिका को नगर निगम बनाने की मांग को लेकर जन-कन्वेंशन किया गया था. बीते साल मोहन बोस तृणमूल में चले गये और चेयरमैन भी बने रहे. बीते साल जलपाईगुड़ी के दिनबाजार के टीन शेड में भयावह आग लग गयी थी. अग्निकांड वाली जगह पर स्थायी मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक इसमें एक ईंट नहीं लगी है. साथ ही नगर निगम बनाने की मांग पर भी कुछ नहीं हुआ है. धरना प्रदर्शन के दौरान मंच से आरोप लगाते हुए आइएनटीटीयूसी के अध्यक्ष देवाशीष लाहिड़ी ने कहा कि जल निकासी की योजना को भी जमीन पर नहीं उतारा जा सका है.

जिला कांग्रेस के अध्यक्ष निर्मल घोष दस्तीदार ने कहा कि वर्तमान तृणमूल नगरपालिका बोर्ड भ्रष्टाचार से ग्रस्त है. बिना टेंडर के मोहन बोस की मरजी से लाखों-लाखों रुपये का काम हो रहा है. पार्टी के लोगों को काम दिया जा रहा है. नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में कमिटियां हैं, लेकिन चेयरमैन कमिटियों के निर्णयों को कोई महत्व नहीं देते. निर्मल घोष ने कहा कि हम चाहते हैं कि भ्रष्टाचार मुक्त बोर्ड बनाने के लिए मोहन बोस अपने पद से इस्तीफा दें.

24 नंबर वार्ड के कांग्रेस के पूर्व पार्षद तथा प्रदेश कांग्रेस महासचिव पुलक मुंशी ने कहा कि नोट की समस्या को लेकर तृणमूल नेत्री जो आंदोलन कर रही हैं उसमें हमारा साथ है. ममता दीदी खुद कितना भी स्वच्छ क्यों न हों, उनके अधिकतर ‘चमचे’ भ्रष्टाचार में लिप्त हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मोहन बोस भी ऐसे ही लोगों की सूची में शामिल हैं.

जलपाईगुड़ी शहर ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष अनित मुंशी ने आरोप लगाया कि जलपाईगुड़ी नगरपालिका भ्रष्टाचार का अखाड़ा बन गयी है. मोहन बोस के मनमाने आचरण की वजह से विभिन्न दलों के पार्षद विकास कार्य नहीं कर पा रहे हैं. दल-बदल के समय मोहन बोस ने विकास की बड़ी-बड़ी बातें की थीं, लेकिन कुछ काम नहीं हुआ. अनित मुंशी ने कहा कि नगरपालिका का लगातार घेराव किया जायेगा.
पीसी शर्मा मोड़ पर धरना प्रदर्शन के दौरान वाहनों का भारी जाम लग गया. ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस को उतरना पड़ा. धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के चार पार्षद शामिल हुए.

इधर मोहन बोस ने कांग्रेस के सभी आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि जल निकासी का काम इस बोर्ड के समय में तेजी से चल रहा है. सड़कों पर जाम को लेकर पीडब्ल्यूडी और पुलिस के साथ मिलकर काम किया जा रहा है. नगरपालिका को नगर निगम बनाने के लिए पातकाटा, पहाड़पुर, खड़िया ग्राम पंचायतों के इलाके को जोड़ने का प्रस्ताव राज्य सरकार के पास भेजा गया है. दिनबाजार मार्केट कॉम्प्लेक्स का डीपीआर बनाने का काम पूरा हो चुका है. उत्तर बंगाल विकास विभाग यह काम करायेगा. सड़क और कलवर्ट का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. भ्रष्टाचार के सभी आरोप झूठे हैं. मोहन बोस ने कहा कि पद छोड़ने का सवाल ही नहीं है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola