विश्वासघातियों को जनता सबक सिखायेगी : मौसम नूर
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 02 Nov 2016 7:52 AM
मालदा. पार्टी के साथ विश्वासघात करनेवाले बेईमानों को जनता सबक सिखायेगी. आगामी पंचायत चुनाव में मालदा की जनता ऐसे लोगों को उखाड़ फेंकेगी. दिवंगत कांग्रेस नेता गनीखान चौधरी के जन्मदिन पर जिला कांग्रेस की अध्यक्ष तथा सांसद मौसम नूर ने पार्टी छोड़नेवालों को कड़ा संदेश दिया. मंगलवार को मालदा जिला कांग्रेस ने गनीखान का 90वां […]
टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मालदा के दोनों सांसद अबु हासेम खान चौधरी और मौसम नूर उपस्थित थे. इसके अलावा कांग्रेसी विधायक, जिला परिषद के सदस्य और ब्लॉक एवं जिला कांग्रेस के नेता भी मौजूद थे. इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मौसम नूर ने कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी पूरे राज्य में भय और प्रलोभन दिखाकर कांग्रेस को मिटाने की कोशिश कर रही है. लेकिन मालदा जिले में वे ऐसा नहीं कर पा रहे हैं. जानते हैं क्यों? यह गनीखान का जिला है इसलिए. गनीखान चौधरी एक ऐसी शख्सीयत थे जिन्होंने कभी मनुष्य-मनुष्य के बीच में भेदभाव नहीं किया. सीपीएम से जुड़े घरों के लड़कों को भी वह नौकरी देते थे. इसलिए आम लोग आज भी गनीखान के प्रति श्रद्धा रखते हैं और उन्हें प्यार करते हैं. हम जो जनप्रतिनिधि चुनाव में जीतते हैं, उसके पीछे भी गनीखान ही हैं.
कुछ ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद पर तृणमूल ने भय और प्रलोभन दिखाकर कब्जा किया है. यह सही है कि इससे हम कुछ समय के लिए कमजोर हुए हैं. लेकिन ऐसा हमेशा नहीं रहेगा. हमें एकजुट होकर आंदोलन और संघर्ष में उतरना होगा. साथ ही हमें जनता के लिए काम करना होगा. मुझे भरोसा है और आप लोगों को भी भरोसा रखना होगा. मंच पर उपस्थित दूसरे सांसद अबु हासेम खान चौधरी (डालू) ने कहा कि अभी हमारा समय खराब चल रहा है. न हम राज्य में सत्ता में हैं और न ही केंद्र में. राजनीति में जिस तरह खराब समय आता है, उसी तरह अच्छा समय भी आता है. इसके लिए हमें इंतजार करना होगा. अबु हासेम ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हम अभी जो काम करेंगे, वह हमें बाद में मूल और सूद समेत वापस मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










