सिलीगुड़ी. सीमा पार बांग्लादेश पहंचायी जा रही गायों को रोकने पर सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गयी. इस मुठभेड़ में बीएसएफ के सहायक कमांडेंट वरुण कुमार सहित आठ जवान घायल हो गये हैं. इसके साथ ही बीएसएफ ने 34 गाय कब्जे किये हैं. सभी घायल जवानों को कदमतला बीएसएफ अस्पताल में भरती कराया गया है. मुठभेड़ की यह घटना दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी से सटे फांसीदेवा थाना अंतर्गत लियूसीपाखरी बाजार इलाके में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के कई गायों को सीमापार बांग्लादेश पहुंचाये जाने की गुप्त सूचना बीएसएफ को मिली थी. बीएसएफ जवान लियूसीपाखरी बाजार में पहले से ही नजर रख रहे थे. कुछ लोग कुल 34 गाय के साथ बाजार से होकर गुजर रहे थे. उस समय बीएसएफ ने उन सभी को रोका. उसके बाद तस्करों तथा स्थानीय लोगों ने बीएसएफ के जवानों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी . बीएसएफ का कहना है कि गायों को कब्जे में लेने के साथ ही स्थानीय लोगों ने जवानों पर हमला बोल दिया. इसी मुठभेड़ में आठ जवान घायल हो गये. इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि गायों को तस्करी के लिये नहीं बल्कि माटीगाड़ा हाट ले जाया रहा था. गायों को ले जाने वाले लोग तस्कर नहीं बल्कि स्थानीय व्यवसायी हैं. जवानों ने जबरदस्ती इन गायों को तस्करी का बताकर जब्त कर लिया है. स्थानीय लोगों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार जवानों ने पहले गायों को रोका और उसके बाद ही स्थिति बिगड़ गयी.
गायों को रोके जाने पर लोगों ने जवानों पर रोड़े बरसाने शुरू कर दिये. बीएसएफ की ओर से स्थिति को काबू में करने के लिये पहले लाठीचार्ज किया और इसके बाद हवा में तीन राउंड गोली चलायी गयी. इसके बाद लोग तितर-बितर हो गये. घटना की जानकारी मिलने के साथ फांसीदेवा थाना की पुलिस भी विशाल वाहिनी के साथ मौके पर पहुंची. घटना के बाद से लियूसीपाखरी बाजार इलाका पूरी तरह से सूनसान है. फांसीदेवा थाने की पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिये तलाशी अभियान चला रही है. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है. फांसीदेवा थाने की पुलिस हालांकि इससे इनकार कर रही है.
बीएसएफ नॉर्थ बंगाल फ्रंटियर के डीआइजी(ऑपरेशन) रमेश चंद्र सिंह ने बताया कि बांग्लादेश पहुंचाये जाने वाले गायों को जब्त करने के क्रम में स्थानीय लोगों ने जवानों पर हमला कर दिया. हालांकि उन्होंने बीएसएफ की ओर से की गयी हवाई फायरिंग की बात को स्वीकार नहीं किया है. श्री सिंह ने कहा कि फायरिंग हुई है या नहीं, यह जांच के बाद ही बताया जा सकता है. इस घटना में बीएसएफ के कुल आठ जवान घायल हैं. सभी को इलाज के लिये बीएसएफ कदमतला अस्पताल में भरती कराया गया है. बीएसएफ सूत्रों के अनुसार इस घटना की जानकारी केंद्रयी गृह मंत्रालय को भेजी जा चुकी है. इस बीच,दो जवानों को स्थिति बिगड़ने के बाद इलाज के लिए सिलीगुड़ी भेज दिया गया है. एक जवान को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज तथा एक अन्य जवान को एक निजी अस्पताल में भरती कराया गया है.
आइजी ने किया दौरा: इसबीच, घटना की जानकारी मिलते ही आइजी कमल नयन चौबे भी मौके का दौरा करने पहुंचे. उसके बाद वह बीएसएफ के घायल जवानों से मिलने अस्पताल भी गये. उन्होंने घायल जवानों से बातचीत भी की. श्री चौबे ने कहा कि सीमा पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बरदाश्त नहीं की जायेगी. पशु तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.