सिलीगुड़ी. 19 से सरकारी विद्यालयों में गरमी की छुट्टी होनी है. अधिकांश हिंदी भाषी उच्च विद्यालय ग्रीष्मावकाश में ही नामांकन प्रक्रिया शुरू कर देंगे. छुट्टी समाप्त होते ही नामांकन प्रक्रिया भी समाप्त हो जायेगी. गरमी की छुट्टी के बाद सभी विद्यालयों में ग्यारहवीं की पढ़ाइ शुरू हो जायेगी़. पश्चिम बंगाल राज्य शिक्षा परिषद के माध्यमिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने के साथ ही हिंदी, बांग्ला व अंग्रेजी माध्यम के कई विद्यालयों में नामांकन फॉर्म का वितरण शुरू हो गया है.
विद्यालयों में विद्यार्थियों की लंबी कतारें देखी जा रही है. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जिले में 9.4 प्रतिशत अधिक परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं. स्वाभाविक रूप से विज्ञान विभाग में दाखिला लेने वालों की संख्या अधिक होगी. विद्यालयों में सीटों की संख्या पहले जैसी है सिर्फ विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है. क्या ऐसे समीकरण में जिले के सभी माध्यमिक उत्तीर्ण विद्यार्थी अपना नामांकन करा पायेगें.
10 मई को माध्यमिक का परिणाम घोषित होने के साथ विद्यार्थी अब उच्च शिक्षा की बढ़ चले हैं. माध्यमिक में अव्वल आने वाले अधिकांश विद्यार्थी साइंस को लेकर आगे पढ़ना चाहते हैं. सिलीगुड़ी के हिंदी भाषी विद्यालयों में विज्ञान विभाग में सीट काफी कम है. बाध्य होकर विद्यार्थियों को बाहर या निजी विद्यालयों की ओर रूख करना पड़ता है.
सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल प्रबंधन के लोग नामांकन को लेकर 19 मई को बैठक करेंगे. प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार चतुर्वेदी के अनुसार बैठक के बाद ही ग्यारहवीं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. विद्यालय से विज्ञान विभाग को समाप्त कर दिया गया है. इस बार विद्यालय के 157 छात्र माध्यमिक में उत्तीर्ण हैं. इनका नामांकन होने के बाद ही अन्य विद्यालय से आये छात्रों पर विचार होगा. वैसे वाणिज्य विभाग में 200 तक के करीब नामांकन किया जा सकता है.
सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल फॉर गर्ल्स की प्रबंधन कमिटी की बैठक 20 मई को होनी है. इस बैठक में नामांकन संबधित विषयों पर चर्चा की जायेगी. 20 मई के बाद ही फॉर्म वितरण होगा. इस विद्यालय में सिर्फ कला विभाग है.
सिलीगुड़ी देशबंधु हिंदी हाई स्कलू में विज्ञान व कला विभाग के लिये 17 मई से फॉर्म वितरित किया जायेगा. प्रधानाध्यापक जय किशोर पांडेय से मिली जानकारी के अनुसार 19 मई से 17 दिन की गरमी की छुट्टी रहेगी. इस दौरान नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी. 26 मई तक नामांकन प्रक्रिया समाप्त करा दिया जायेगा. विज्ञान के लिये मात्र 30 सीट है, जबकि कला विभाग में 200 तक नामांकन होगा. श्री पांडेय ने बताया कि विद्यालय के 246 विद्यार्थियों ने माध्यमिक उत्तीर्ण किया है. इनमें से कुछ बच्चे विज्ञान और वाणिज्य की ओर रूख करेंगे. कला विभाग में अन्य विद्यालय के छात्रों का नामांकन मुश्किल होगा. विज्ञान विभाग में 65 प्रतिशत और कुल 60 प्रतिशत अंक होने पर नामांकन होगा. इसके अतिरिक्त मेधा तालिका के अनुसार नामांकन होगा.
सिलीगुड़ी शिवमंगल मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्याल में कला व वाणिज्य विभाग में सौ-सौ सीटें हैं. प्रधानाध्यापक रवींद्र सिंह से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून से गरमी की छुट्टी होनी है. उसके बाद 8 जून से फॉर्म वितरित किया जायेगा. इस वर्ष विद्यालय के 110 परीक्षार्थियों ने माध्यमिक उत्तीर्ण किया है. इनका नामांकन होने के बाद अन्य विद्यालय के विद्यार्थियों की मेधा तालिका जारी की जायेगी. जिसके आधार पर नामांकन होगा.
इलापाल चौधरी मेमोरियल हिंदी उच्च माध्यमिक विद्यालय में 19 मई से नामांकन फॉर्म बंटेगा. प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सिंह से मिली जानकारी के अनुसार कला विभाग में 250 विद्यार्थियों का नामांकन हो सकता है. इस वर्ष विद्यालय के 116 परीक्षार्थियों ने माध्यमिक उत्तीर्ण किया है. इनका नामांकन होने के बाद अन्य विद्यालयों से आये विद्यार्थियों पर विचार होगा. लाल बहादुर शास्त्री हिंदी उच्च माध्यमिक विद्यालय में 16 मई से ग्यारहवीं में नामांकन के लिये फॉर्म जारी किया जायेगा. उप प्रधानाध्यापक अशोक कुमार झा के अनुसार 14 मई को नामांकन को लेकर प्रबंधन कमिटी की बैठक है. यहां सिर्फ कला विभाग है. कला विभाग में 150 विद्यार्थियों का नामांकन हो सकता है. इस वर्ष विद्यालय के 248 विद्यार्थी माध्यमिक में उत्तीर्ण हुए हैं.
डा. राजेंद्र प्रसाद हिंदी बालिका उच्च माधमिक विद्यालय में नामांकन पत्र वितरण जारी है. गरमी की छुट्टी में नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी. 25 मई तक नामांकन प्रक्रिया समाप्त कर दी जायेगी. कला विभाग में यहां 250 सीट हैं. इस वर्ष 254 बच्चियां पास हुयी हैं. अन्य विद्यालय से आयी छात्राओं का नामांकन मेधा के आधार पर होगा.
भारती हिंदी उच्च माध्यमिक विद्यालय में नामांकन पत्र ही जारी नहीं किया जायेगा. प्रधानाध्यापक सुधीर चंद्र सिंह ने बताया कि 290 विद्यार्थियों का ही नामांकन संभव है. विद्यालय भवन के अभाव की वजह से नामांकन में कमी की गयी है.
हिंदी हाई स्कूल ने विज्ञान विभाग खत्म किया : शहर के एस.एफ रोड स्थित सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल(बालक) ने छात्रों पर एक कहर ढाह दिया है. इस शिक्षा वर्ष से सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल प्रबंधन ने विज्ञान विभाग को समाप्त करने का निर्णय लिया है. विद्यालय प्रबंधन के इस निर्णय ने कई विद्यार्थियों को मायूस किया है. इस विद्यालय में विज्ञान और वाणिज्य की पढ़ाई होती थी. लेकिन अब सिर्फ वाणिज्य की पढ़ाई होगी.
इसके अतिरिक्त यहां गरमी की छुट्टी भी नहीं है. सिलीगुड़ी के अन्य सभी सरकारी विद्यालयों में 19 मई से गर्मी की छुट्टी है,लेकिन सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल प्रबंधन ने गरमी की छुट्टी नहीं देने का निर्णय लिया है.
सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से विद्यालय में 8 से 10 विद्यार्थी विज्ञान विभाग में दाखिला लेते हैं. समस्या यह है कि 10 विद्यार्थियों से लिये विज्ञान विभाग में शिक्षकों को रखना पड़ता है. गर्मी की छुट्टी के संबध में उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी गरमी की छुट्टी नहीं हुयी थी और इस वर्ष भी छुट्टी नहीं दी जायेगी. छुट्टी पहले ही दी जा चुकी है.