सिलीगुड़ी के कई इलाकों में लातूर जैसे हालात

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी. पिछले कुछ दिनों से जारी भारी गरमी के कारण सिलीगुड़ी के कई इलाकों में महाराष्ट्र के लातूर जैसे हालात हो गये हैं. खासकर चंपासारी के मिलन मोड़ तथा देवीडांगा का इलाका इससे काफी प्रभावित हैं. सिलीगुड़ी शहरी क्षेत्र में तो हालात ठीक हैं और बारिश नहीं होने की वजह से भी पेयजल की किल्लत […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. पिछले कुछ दिनों से जारी भारी गरमी के कारण सिलीगुड़ी के कई इलाकों में महाराष्ट्र के लातूर जैसे हालात हो गये हैं. खासकर चंपासारी के मिलन मोड़ तथा देवीडांगा का इलाका इससे काफी प्रभावित हैं. सिलीगुड़ी शहरी क्षेत्र में तो हालात ठीक हैं और बारिश नहीं होने की वजह से भी पेयजल की किल्लत नहीं देखी जा रही है, जबकि मिलन मोड़ इलाके के बाबूबासा, कराईबाड़ी, उत्तर पलाश, दक्षिण पलाश तथा देवीडांगा इलाके में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है. इस इलाके के अधिकांश कुएं सूख गये हैं, जिसकी वजह से आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस इलाके में दो-तीन सरकारी नलकूप हैं जिसकी बदौलत किसी तरह से लोगों का काम चल रहा है.

इन नलकूपों पर जाने के लिए लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ती है. पानी की किल्लत ऐसी है कि इन नलकूपों पर पानी लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं. कभी-कभी तो मारपीट जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है. बाबूबासा की रहने वाली जीना राई नामक एक महिला का कहना है कि वह यहां किराये के मकान में रहती है. मकान मालिक ने जो कुआं खुदवाया है, उसमें पानी नहीं है. करीब दो सौ मीटर दूर नलकूप से पानी लाना पड़ता है. इसी प्रकार की समस्या मीनू थापा, मित्रा भटराई, हेमराज मंडल, गंगा मंडल, अर्जुन मंडल, सपना बुराखोती आदि की भी है. इन लोगों का कहना है कि पूरे इलाके के लोग सिर्फ एक नलकूप पर निर्भर हैं.

करीब 150 से अधिक परिवार इसी नलकूप से पानी लेते हैं. ऐसा नहीं है कि नलकूपों की स्थिति बहुत अच्छी है. नलकूप में भी लगता है जलस्तर काफी नीचे चला गया है जिसकी वजह से बहुत कम मात्रा में पानी निकल रहा है. एक बाल्टी पानी निकलने में 15 मिनट से अधिक का समय लग जाता है. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, इस इलाके के अधिकांश घरों में पानी के लिए कुएं खुदवाये गये हैं. ग्राम पंचायत द्वारा नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं है. इलाकाई लोगों का कहना है कि अधिकांश कुओं के जल सूख गये हैं. कुछ के जलस्तर में काफी कमी आ गई है. ग्राम पंचायत अथवा सरकार की ओर से किसी प्रकार की कोई सहायता नहीं की जा रही है. यही वजह है कि यहां के लोग महाराष्ट्र में लातूर जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं. यहां उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के लातूर में भयंकर सूखा पड़ा हुआ है. पानी की कमी की वजह से लोगों का जीना दूभर हो गया है.

इधर, सिलीगुड़ी में अगले कुछ दिनों तक मौसम राहत देने के मूड में नहीं है. पिछले एक महीने से यहां बारिश नहीं हुई है. तेज गरमी के कारण तापमान में भी वृद्धि हो गई है. यहां का औसतन तापमान पिछले एक सप्ताह से 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच है.

मौसम विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है. इस बीच, मिलन मोड़ के कई लोग पानी की इस किल्लत के लिए रेत माफिया को दोषी ठहरा रहे हैं. इन लोगों का कहना है कि कभी भी इस इलाके में पानी की किल्लत नहीं हुई थी. गुलमा जंगल के नजदीक लालचंद घाट पर अवैध खनन की वजह से ही अकाल जैसी स्थिति उत्पन्न हुई है. इलाकाई लोगों ने आगे कहा कि नदी से अवैध रूप से गिट्टी और बालू का खनन कर रेत माफिया के लोग तो चांदी काट रहे हैं, लेकिन इसकी कीमत आम लोगों को चुकानी पड़ रही है.

पंचायत सदस्य बाहर
इस मुद्दे पर बातचीत करने के लिए जब स्थानीय पंचायत सदस्य रीना करकेट्टा उरांव के घर जब हमारे संवाददाता गये तो वह घर पर नहीं थीं. उनके परिवार वालों ने बताया कि वह शहर से बाहर गयी हुई हैं. तृणमूल के इस पंचायत सदस्य से उनके फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनका फोन भी स्वीच ऑफ आ रहा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola