ग्राउंड रिपोर्टिंग: इंगलिशबाजार में दिख रही है कांटे की लड़ाई

Updated:
विज्ञापन

मालदा. इंगलिशबाजार विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जंग अपने शबाब पर है. एक तरफ तृणमूल सरकार के मंत्री तथा दिग्गज नेता कृष्णेंदु चौधरी हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस और माकपा से समर्थन प्राप्त निर्दलीय प्रत्याशी तथा नगरपालिका के पार्षद निहार घोष हैं. इसके अलावा भाजपा की ओर से टीवी सीरियलों के लोकप्रिय कलाकार सुमन बनर्जी भी […]

विज्ञापन
मालदा. इंगलिशबाजार विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जंग अपने शबाब पर है. एक तरफ तृणमूल सरकार के मंत्री तथा दिग्गज नेता कृष्णेंदु चौधरी हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस और माकपा से समर्थन प्राप्त निर्दलीय प्रत्याशी तथा नगरपालिका के पार्षद निहार घोष हैं. इसके अलावा भाजपा की ओर से टीवी सीरियलों के लोकप्रिय कलाकार सुमन बनर्जी भी मैदान में हैं.
सत्तारूढ़ दल के उम्मीदवार कृष्णेंदु चौधरी ममता बनर्जी द्वारा किये गये विकास कार्यों को मुख्य मुद्दा बनाकर चुनाव प्रचार कर रह हैं. वहीं उनके विरोधी तृणमूल की अराजकता, बेकारी, सारधा-नारदा कांड को मुद्दा बनाये हुए हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में वाम मोरचा और कांग्रेस एक दूसरे के खिलाफ लड़ रहे थे. लेकिन इस बार इन दोनों शक्तियों ने हाथ मिला लिया है. इसकी वजह से इंगलिशबाजार में तृणमूल के लिए लड़ाई आसान नहीं रह गयी है. हालांकि कृष्णेंदु चौधरी की अपनी छवि और इंगलिशबाजार में हुए विकास कार्यों की भी चुनाव में बड़ी भूमिका होगी. श्री चौधरी इस बारे में कहते हैं कि क्या विकास हुआ है, यह मूल्यांकन जनता को करना है.

तृणमूल सरकार के समय में ही मालदा मेडिकल कॉलेज और गौड़बंग विश्वविद्यालय की परिकल्पना साकार हुई. जिले के पर्यटन केंद्रों का सौंदर्यीकरण हुआ. गौड़ और पांडुवा में लाइट एंड साउंड शो चालू हुआ. शहर के पास रवींद्र भवन इलाके में बस टर्मिनल चालू किया गया. शहर में बहुमंजिला अल्पसंख्यक भवन बनाया गया. इसके अलावा भी अनेक विकास कार्य हुए हैं. श्री चौधरी कहते हैं कि मुझे अपने काम पर भरोसा है.

दूसरी तरफ कांग्रेस-वाम समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी निहार घोष कहते हैं कि तृणमूल के प्रत्याशी नगरपालिका के चेयरमैन भी हैं. शहर का कचरा फेंकने के लिए नगरपालिका के पास अपना डंपिंग ग्राउंड तक नहीं है. इसकी वजह से शहर को साफ रखना मुश्किल हो रहा है. ठोस कचरा प्रबंधन को अब तक अमली जामा नहीं पहनाया जा सका है.

केंद्र की जेएनयूआरएम योजना के तहत 42 करोड़ रुपये इंगलिशबाजार नगरपालिका को मिले, लेकिन शहर के लिए पेयजल योजना को अब तक पूरा नहीं किया जा सका. शहर में ढंग का कोई पार्किंग जोन नहीं है. यहां के आम लोग अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम से परेशान हैं. सिर्फ जबानी जमाखर्च से कुछ नहीं होने वाला. तृणमूल ने लोगों को गुमराह कर वोट लिया है. श्री घोष कहते हैं कि जहां भी चुनाव प्रचार में जा रहा हूं लोग दोनों हाथ उठाकर मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं. इसकी वजह से तृणमूल के उम्मीदवार डर गये हैं.

इंगलिशबाजार से भाजपा प्रत्याशी सुमन बनर्जी कहते हैं कि पार्टी के काम से कई बार मालदा आ चुका हूं. हमने देखा है कि यहां के आम लोग अनेक समस्याओं को लेकर परेशान हैं. सत्तारूढ़ दल के नेता हों या गंठबंधन के नेता, किसी ने आम आदमी के लिए कुछ नहीं किया है. जहां भी जा रहा हूं लोगों का बड़ा समर्थन मिल रहा है. बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा इंगलिशबाजार सीट पर पहले स्थान पर थी. इस बार भी उम्मीद है कि लोग मुझे जिताकर क्षेत्र का विकास करने का मौका देंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola