विशेष पर्यवेक्षक ने चुनाव तैयारियों का लिया जायजा

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी. राजनेताओं के बयानों का जवाब देना मेरा काम नहीं है. मेरा काम निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से बंगाल में विधानसभा चुनाव कराना है. इसके लिए केंद्रीय चुनाव आयोग कृतसंकल्प है और पूरी तरह से तैयार है. यह कहना है दिल्ली चुनाव आयोग के अधिकारी तथा विशेष पर्यवेक्षक चंद्र भूषण कुमार का. वह सोमवार को […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. राजनेताओं के बयानों का जवाब देना मेरा काम नहीं है. मेरा काम निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से बंगाल में विधानसभा चुनाव कराना है. इसके लिए केंद्रीय चुनाव आयोग कृतसंकल्प है और पूरी तरह से तैयार है. यह कहना है दिल्ली चुनाव आयोग के अधिकारी तथा विशेष पर्यवेक्षक चंद्र भूषण कुमार का.

वह सोमवार को सिलीगुड़ी स्टेट गेस्ट हाउस (सर्किट हाउस) में प्रशासनिक बैठक में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए. उन्होंने मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि ममता या अन्य किसी भी राजनेता के बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे. यह उनका काम नहीं है. केंद्रीय चुनाव आयोग ने मुझे निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की जो जिम्मेदारी दी है, इसे पूरा करना है. इसके लिए तगड़े इंतजाम किये जा रहे हैं. जिला चुनाव अधिकारी, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल और पुलिस प्रशासन के लोग अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त लगा रहे हैं. संवेदनशील व अतिसंवेदनशील इलाकों में जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है वहीं, बूथों पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. पुलिस अधिकारियों को अभी से ही गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया है़ श्री कुमार ने कहा कि केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कई टुकड़ियां सभी जिलों में पहुंच चुकी है. जल्द ही अलग-अलग राज्यों से पर्यवेक्षक भी पहुंच जायेंगे.

इनमें आइएएस स्तर के सीनियर पर्यवेक्षक, पुलिस पर्यवेक्षक व चुनाव खर्च पर्यवेक्षक शामिल रहेंगे. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग जिले में पहाड़ से समतल तक खास कोई समस्या नहीं दिख रही है. फिलहाल पहाड़ पर पीने के पानी का संकट गहराया है.

इसके लिए इंतजाम किया जा रहा है. इसके अलावा जो भी समस्याएं सामने आयेगी, उन्हें हाथों-हाथ निपटा दिया जायेगा. श्री कुमार ने बताया कि उत्तर बंगाल के कई जिलों में 17 अप्रैल को मतदान होगा और उम्मीदवारों द्वारा नामांकन भरने की प्रक्रिया कल यानी मंगलवार से शुरू होगी. इसके लिए समुचित तैयारी कर ली गयी है. आज के प्रशासनिक बैठक में श्री कुमार के साथ जिला चुनाव अधिकारी (डीएम, दार्जिलिंग) अनुराग श्रीवास्तव, सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र के चुनाव अधिकारी (एसडीओ) राजनवीर सिंह कपूर, सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के आयुक्त (सीपी) मनोज वर्मा, डिप्टी पुलिस आयुक्त (डीसीपी, ट्रॉफिक) श्याम सिंह, अतिरिक्त-डिप्टी पुलिस आयुक्त (एडीसीपी) मानवेंद्र सिंह के अलावा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के आलाधिकारी भी मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola