झामुमो ने छह उम्मीदवारों के नाम तय किये
सिलीगुड़ी. आने वाले राज्य विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों ने तालमेल की कवायद के बीच झारखंड मुक्ति मोरचा (झामुमो) तीन जिले के सभी 11 विधानभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, झामुमो दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी तथा अलीपुरद्वार जिले में सभी 11 सीटों पर चुनाव […]
इस बीच, झामुमो के इस एकतरफा ऐलान से कांग्रेस तथा वाम मोरचा के चुनावी रणनीतिकारों को झटका लगा है. विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और वाम मोरचा के बीच गठबंधन करीब-करीब तय है. कई कांग्रेस नेता झामुमो को भी इस गठबंधन में शामिल करना चाह रहे थे. यहां उल्लेखनीय है कि डुवार्स के इलाके में खासकर चाय बागानों में झामुमो का एक बड़ा जनाधार है. इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस तथा वाम मोरचा के नेता झामुमो को भी अपने पाले में शामिल करने की रणनीति बना रहे थे.
इस बीच, विश्वस्त झामुमो सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने छह सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम करीब-करीब तय कर लिये हैं. सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी, फांसीदेवा, मालबाजार, नागराकाटा, कुमार ग्राम तथा मदारीहाट में उम्मीदवारी को लेकर पार्टी में चरचा शुरू हो गई है और कुछ नामों पर सहमति भी बन गई है. सूत्रों ने बताया कि सिलीगुड़ी से महेन्द्र कुमार जैन तथा फांसीदेवा से सुभाष पानीकर का नाम करीब-करीब तय है. मालबाजार से चंदन लोहार के लड़ने की संभावना है. इसी तरह से मदारीहाट से रमेश उरांव को टिकट मिलना तय है. कुमार ग्राम तथा नागराकाटा सीट पर दो-दो उम्मीदवारों की दावेदारी है. नागराकाटा से इलियास मिंज अथवा विनोद टिग्गा को टिकट मिल सकता है. कुमार ग्राम से अमित तिरकी टिकट के दावेदार में सबसे आगे हैं.
हालांकि इस सीट से विनय मिंज के नाम की भी चरचा चल रही है. शनिवार को विधानसभा चुनाव को लेकर झामुमो उत्तर बंगाल रिजनल कमेटी की एक बैठक हुई. इसी बैठक में सभी 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया. हालांकि पार्टी ने अभी गठबंधन की संभावना से इंकार भी नहीं किया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि चाय बागान के मुद्दे को जो पार्टी प्रमुखता से उठायेगी, उनके साथ स्थानीय स्तर पर चुनावी तालमेल बने रहने की संभावना है.
झामुमो नेता पिटर मिंज का कहना है कि पिछली बार पार्टी ने ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तथा जिला परिषद के चुनाव में अच्छी सफलता हासिल की थी. तराई एवं डुवार्स में 116 पंचायत सीटों पर झामुमो का कब्जा है. इसी वजह से अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया है. इस बीच, एक अन्य झामुमो नेता का कहना है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी चाय बागानों तथा चाय श्रमिकों की दुर्दशा को सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










