कवायद: रोकी जायेगी पानी की बरबादी
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा विभिन्न वार्डों में लगाये गये नलों से पानी की बरबादी रोकने के लिए विशेष पहल की शुरुआत की गयी है. सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में आम तौर पर सुबह एवं शाम दो वक्त नगर निगम द्वारा पेयजल की आपूर्ति की जाती है. नगर निगम के कुल 47 वार्डों में 14 […]
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा विभिन्न वार्डों में लगाये गये नलों से पानी की बरबादी रोकने के लिए विशेष पहल की शुरुआत की गयी है. सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में आम तौर पर सुबह एवं शाम दो वक्त नगर निगम द्वारा पेयजल की आपूर्ति की जाती है. नगर निगम के कुल 47 वार्डों में 14 सौ नल लगाये गये हैं.
बोलचाल की भाषा में इन नलों को टाइमकल कहा जाता है. आम तौर पर पानी की आपूर्ति शुरू होने के समय पानी लेने वालों की भीड़ लगी रहती है. उसके बाद टेप नहीं होने की वजह से इन नलकों से पानी की बरबादी होती रहती है. इसकी वजह से लाखों गैलन पानी की अकारण बरबादी होती है. अधिकांश नलों में टेप नहीं लगाये गये हैं. अब पानी की बरबादी रोकने के लिए ब्रांड विजन नामक एक संगठन ने पायलट परियोजना बनायी है, जिसे सिलीगुड़ी नगर निगम ने अपनी मंजूरी दे दी है.
शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए ब्रांड विजन की ओर से विश्वदीप राय मुहरी ने बताया कि विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की मदद से वह लोग शीघ्र ही एक अभियान की शुरूआत करेंगे. सिलीगुड़ी नगर निगम के 47 वार्डों में लगे 14 सौ नलों में टेप लगाया जायेगा. सिर्फ टेप लगा देने से ही काम नहीं होगा, वह लोग साल भर तक इसका रख-रखाव भी करेंगे. आम तौर देखा जाता है कि टाइमकल पर लगे टेप की चोरी हो जाती है. उसके बाद लगातार यहां से पानी निकल कर बरबाद होता है. जिस नल में वह लोग टेप लगायेंगे, वहां हेल्प लाइन नंबर भी उपलब्ध करायेंगे. अगर पानी की बरबादी होती है या फिर नलके की चोरी हो जाती है, तो उस नंबर पर इसकी जानकारी दी जा सकती है. संगठन के लोग वहां पहुंच कर नया टेप लगा देंगे. इतना ही नहीं, जिसने पानी की बरबादी होने की जानकारी मोबाइल पर दी होगी, उन्हें एक एसएमएस के जरिये समस्या के समाधान की जानकारी भी उपलब्ध करायी जायेगी.
श्री मुहरी ने कहा कि यह सब बगैर आम लोगों के सहयोग के संभव नहीं है. इसलिए उन्होंने सेव वाटर, सेव सिलीगुड़ी अभियान की शुरूआत की है. इस अभियान के जरिये आम लोगों को जागरूक किया जायेगा. आने वाले दिनों में पानी की कमी एवं उसकी उपयोगिता को लेकर आम लोगों को समझाया जायेगा और उनसे पानी की बचाने की अपील की जायेगी. उन्होंने कहा कि एक अनुमान के मुताबिक सभी 14 सौ नलों के रख-रखाव में साल भर में करीब 28 लाख रुपये खर्च होने की उम्मीद है. पैसे की व्यवस्था करने के लिए विभिन्न कंपनियों से बातचीत चल रही है. जागरूकता अभियान की शुरूआत रविवार से 24 नंबर वार्ड से शुरू की जायेगी. इस अभियान में मारवाड़ी युवा मंच, मुस्कान शाखा, सुमिता कैंसर सोसायटी, तीस्ता थंपर्स क्लब आदि जैसे स्वयंसेवी संगठनों की भी सहायता ली जा रही है. संवाददाता सम्मेलन में सौरभ भट्टाचार्य, सुमग्नो बोस, एसके गुहा आदि भी उपस्थित थे.
कैसे होगा काम
सिलीगुड़ी नगर निगम के सभी नलों के पास एक बोर्ड लगाया जायेगा. व्हाट्स एप, ट्वीटर तथा फेसबुक के जरिये नलका चोरी होने एवं पानी की बरबादी की जानकारी दी जा सकती है. कोई भी नागरिक 9002797666 पर इस बात की सूचना दे सकता है. सूचना मिलते ही संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचेंगे और नया टेप लगा देंगे. टेप लगने के बाद जिस नागरिक ने इसकी जानकारी दी है, उन्हें एसएमएस के जरिये काम पूरा होने की सूचना दी जायेगी. जागरूकता अभियान को बढ़ावा देने के लिए सूचना देने वाले नागरिक अथवा उनके परिवार के किसी एक सदस्य की निशुल्क चिकित्सा जांच भी करायी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










