मालदा. गोली मार कर दो लोगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार तृणमूल संचालित इंगलिश बाजार पंचायत समिति के अध्यक्ष पवित्र राय को अदालत ने तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया. सोमवार की दोपहर तृणमूल नेता पवित्र राय को मालदा सीजेएम अदालत में पेश किया गया. बचाव पक्ष के वकील अमल बाग्ची ने बताया कि पुलिस की ओर से आठ दिन की रिमांड मांगी गयी थी. न्यायाधीश प्रदीप कुमार राय ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंपा है.
जिला पुलिस अधीक्षक प्रसुन बनर्जी ने बताया कि आरोपी पवित्र राय के विरूद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302(हत्या), 326(जख्मी करने), 34(रणनीति के तहत अपराध) एवं 25,27( अस्त्र कानून) के तहत मामला दर्ज किया गया है. रविवार की शाम इंगलिश बाजार थाने की पुलिस ने पवित्र राय को गिरफ्तार कर रात भर ओल्ड मालदा थाने में रखा था. सोमवार ओल्ड मालदा थाने से उसे अदालत में पेश किया गया.पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम आरोपी पवित्र राय द्वारा चलाई गयी गोली से असीम मंडल(19) की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी, जबकि राहुल पासवान(17) बुरी तरह से जख्मी हो गया था जिसे मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था.
राहुल की हालत गंभीर होने की वजह से चिकित्सकों ने उसे कोलकाता रेफर कर दिया. कोलकाता ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. गौरतलब है कि रविवार को तृणमूल नेता पवित्र राय बोलेरो गाड़ी से कुलीपाड़ा होकर मालदा शहर की ओर जा रहे थे. कुलीपाड़ा इलाके में पवित्र राय की गाड़ी से एक साईकिल सवार को धक्का लग गया़ उसके बाद ही वहां गड़बड़ी शुरू हो गयी. उत्तेजित स्थानीय लोंगो ने पवित्र राय की गाड़ी को एक किलोमीटर दूर जाकर पकड़ लिया़ उसके बाद गाड़ी के भीतर से अंधाधुंध गोली चलायी गयी. गोली चलने से लोग तितर बितर हो गये और गाड़ी चालक मौका देखकर गाड़ी लेकर फरार हो गया. इसी बीच दो किशोर के सिर में गोली लगने से दोनो की मौत हो गयी. स्थानीय लोंगो ने ही गाड़ी का नंबर पुलिस को दिया था.
इधर घटना के विरोध में सोमवार की सुबह से मालदा शहर के वागबाड़ी मोड़ पर मालदा मानिकचक राज्य सड़क अवरोध कर रखा गया. यहां तक कि पुलिस के सामने रास्ते पर आग जलाकर व पुलिस का घेराव कर स्थानीय लोंगो ने अपना गुस्सा प्रकट किया. इस आंदोलन में मृतकों के परिजन भी शामिल हुये. आंदोलनकारियों ने आरोपी को फांसी एवं गाड़ी में सवार अन्य लोंगो की गिरफ्तारी की भी मांग की. आंदोलनकारियों में प्रतिशोध की आग इतनी भड़क रही थी कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिये जिला पुलिस अधीक्षक प्रसुन बनर्जी को अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा.
तृणमूल ने पवित्र राय को पार्टी से निकालने व पंचायत समिति के अध्यक्ष पद से भी हटाने की तैयारी शुरू कर दी है. इधर आज सुबह से मंत्री कृष्णेंदु चौधरी को मेडिकल में देखा गया. गोली लगने से मरने वाले दोनो किशोरो के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद उनके शव को परिवार को सौंपते समय मंत्री मौजूद थे. उन्होंने बताया कि पवित्र राय ने जो अपराध किया है वह क्षमा योग्य नहीं है. पवित्र राय को बंदूक का लाईसेंस मिलने संबंधी प्रश्न को टालते हुये मंत्री ने कहा कि यह जिला प्रशासन का माजरा है इस विषय पर वे कुछ नहीं बोलेंगे.
तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोआज्जम हुसैन ने बताया कि इंगलिश बाजार पंचायत समिति के अध्यक्ष पवित्र राय को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है़ उसको पार्टी से निकाले जाने के संबंध में उन्हें कोइ जानकारी नहीं है.
जिला पुलिस अधीक्षक प्रसून बनर्जी ने बताया कि पवित्र राय को अदालत ने तीन दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंपा है. पवित्र राय के अलावा उस गाड़ी में रंजन घोष(35), बृंदावन घोष(38) एवं गाड़ी चालक देबू दास(32) भी मौजूद था. इन तीनों की तालाश पुलिस कर रही है.