फारवर्ड ब्लॉक को टूट से बचाने की कोशिश शुरू, तमाम बड़े नेता करेंगे कैम्प

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी. फारवर्ड ब्लॉक से बगावत कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने वाले उदयन गुहा के कूचबिहार पहुंचने के बाद राजनीतिक खलबली काफी तेज हो गई है. पिछले दिनों वह कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में फारवर्ड ब्लॉक छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये थे. ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी का राज्य महासचिव […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. फारवर्ड ब्लॉक से बगावत कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने वाले उदयन गुहा के कूचबिहार पहुंचने के बाद राजनीतिक खलबली काफी तेज हो गई है. पिछले दिनों वह कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में फारवर्ड ब्लॉक छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये थे. ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी का राज्य महासचिव नियुक्त किया है. तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद उदयन गुहा कल शाम को पहली बार कूचबिहार पहुंचे. उत्तर बंग एक्सप्रेस से कूचबिहार पहुंचने के बाद से ही जिले में राजनीतिक हलचल तेज है. खासकर वाम मोरचा शिविर में परेशानी काफी बढ़ गई है. वाम मोरचा के प्रमुख घटक दलों में शुमार फारवर्ड ब्लॉक में टूट का खतरा बढ़ गया है.

राजनीतिक हलकों में ऐसा माना जा रहा है कि कूचबिहार जिले में फारवर्ड ब्लॉक के अधिकांश नेता और कार्यकर्ता उदयन गुहा के साथ ही रहेंगे. इन लोगों के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने की संभावना जतायी जा रही है. उदयन गुहा जब कोलकाता से कूचबिहार पहुंचे तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. इस दौरान तृणमूल कांग्रेस से कहीं ज्यादा समर्थक फारवर्ड ब्लॉक के थे. उदयन गुहा के स्वागत में फारवर्ड ब्लॉक के समर्थकों के उमड़े हुजूम ने पार्टी के शीर्ष नेताओं की चिंता बढ़ा दी है. यही कारण है कि फारवर्ड ब्लॉक के भी तमाम आला नेता उदयन गुहा के बागी होने से उत्पन्न हुई चुनौती का सामना करने में लगे हुए हैं. पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिनहाटा नगरपालिका पर अपना कब्जा बरकरार रखना है.

उदयन गुहा दिनहाटा नगरपालिका के चेयरमैन भी हैैं. उन्होंने यहां पहुंचे के बाद ही घोषणा कर दी है कि दिनहाटा नगरपालिका अब तृणमूल कांग्रेस का है. माना जा रहा है कि फारवर्ड ब्लॉक के 10 पार्षदों में से 8 पार्षद उदयन गुहा के समर्थन में हैं. इसके अलावा माकपा के तीन पार्षदों में से दो पार्षद उदयन गुहा के साथ ही जायेंगे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 16 सदस्यीय दिनहाटा नगरपालिका में फिलहाल 10 पार्षद उदयन गुहा के साथ हैं. इसके अलावा तृणमूल का पहले से ही तीन पार्षद है. यदि फारवर्ड ब्लॉक तथा माकपा के पार्षद उदयन गुहा के पक्ष में गये तो स्वाभाविक तौर पर दिनहाटा नगरपालिका पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा हो जायेगा. इस परिस्थिति से पार्टी को निकालने के लिए फारवर्ड ब्लॉक के सभी नेता जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैैं.

यही वजह है कि आने वाले दिनों में फारवर्ड ब्लॉक ने पूरे जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है. इसकी शुरूआत पड़सो बुधवार से शुरू हो जायेगी. कूचबिहार में पार्टी ने जिला सचिव मंडली की एक बैठक बुलायी है. पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में फारवर्ड ब्लॉक के आला नेता तथा राज्य सचिव मंडली के सदस्य हाफिज आलम सायरानी तथा नरेन चटर्जी उपस्थित रहेंगे. इसी बैठक में पार्टी को उदयन गुहा के साइड इफेक्ट से बचाने तथा विस्तार आदि पर चर्चा की जायेगी. फारवर्ड ब्लॉक सिर्फ यही नहीं रूक रही है, उसके अगले दिन बृहस्पतिवार को उदयन गुहा के गढ़ दिनहाटा में कर्मी सभा का आयोजन किया गया है. इस कर्मी सभा में दिनहाटा नगरपालिका में फारवर्ड ब्लॉक के सभी नौ पार्षदों को बुलाया गया है. उसके अगले दिन शुक्रवार को भी कर्मी सभा का आयोजन मेखलीगंज में किया गया है. पार्टी सूत्रों ने बताया कि एक सप्ताह तक राज्य स्तर के कई बड़े नेता यहां कैम्प करेंगे. मेखलीगंज के बाद 16 तारीख को जिला मुख्यालय कूचबिहार में पार्टी की एक बैठक बुलायी गई है. इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेता देवव्रत विश्वास उपस्थित रहेंगे.
क्या कहते हैं परेश अधिकारी
इधर, पार्टी के जिला अध्यक्ष परेश अधिकारी का कहना है कि उदयन गुहा के पार्टी छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. पार्टी में कहीं भी किसी प्रकार की टूट नहीं हो रही है. उन्होंने उदयन गुहा को अवसरवादी करार देते हुए कहा कि वह सत्ता में बने रहने के लिए तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं. उनके पार्टी छोड़ने को जनता ने सही नजरों से नहीं देखा है. विभिन्न स्थानों पर कर्मी सभा का आयोजन कर पार्टी समर्थकों को उदयन गुहा के अवसरवादिता की जानकारी दी जायेगी.
तृणमूल के बड़े नेता नदारद
उदयन गुहा के कूचबिहार पहुुंचने के बाद उनका गर्मजोशी से तो स्वागत हुआ, लेकिन इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ घोष सहित पार्टी के तमाम आला नेता नदारद थे. तृणमूल समर्थकों में भी कमी देखी गयी. उदयन गुहा के स्वागत के लिए जितने लोग स्टेशन पहुंचे थे, उनमें से अधिकांश फारवर्ड ब्लॉक समर्थक थे. इस मौके पर तृणमूल के जिला स्तर के बड़े नेता कुछ भी नहीं बोल रहे हैं. एक तृणमूल नेता अब्दुल जलील अहमद ने कहा कि उदयन गुहा के कूचबिहार आने की जानकारी उन्हें नहीं थी. यदि उनके आने की जानकारी उन्हें होती तो वह लोग उनके समर्थन में स्टेशन पर जाते. उन्होंने साफ-साफ कहा कि उदयन गुहा के तृणमूल में शामिल होने को लेकर जिला पार्टी नेताओं में कोई मतभेद नहीं है. वह लोग मिलकर उदयन गुहा के साथ काम करेंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola