उत्तर बंगाल व सिक्किम फिर ठिठुरा
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :07 Jan 2018 3:35 AM (IST)
विज्ञापन

मौसम की मार. घना कोहरा, सूरज के दर्शन नहीं, शीतलहर के कारण घर से निकलना मुश्किल सिलीगुड़ी : शनिवार को एकबार फिर उत्तर बंगाल और सिक्किम ठिठुर उठा. उत्तर भारत से चलनेवाली बर्फिली हवाओं की वजह से पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है और तापमान में भी काफी गिरावट आ रही है. मौसम विभाग की […]
विज्ञापन
मौसम की मार. घना कोहरा, सूरज के दर्शन नहीं, शीतलहर के कारण घर से निकलना मुश्किल
सिलीगुड़ी : शनिवार को एकबार फिर उत्तर बंगाल और सिक्किम ठिठुर उठा. उत्तर भारत से चलनेवाली बर्फिली हवाओं की वजह से पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है और तापमान में भी काफी गिरावट आ रही है. मौसम विभाग की माने तों तीन जनवरी से ही उत्तर बंगाल और सिक्किम क्षेत्र में शीतलहर जारी है. उत्तर भारत से चल रही बर्फिली हवाओं की वजह से ही मौसम भी सर्द होते जा रहा है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले सात दिनों तक यूं ही सर्द हवाएं चलती रहेगी और तापमान में भी गिरावट बनी रहनी की संभावना है. इस बीच भगवान भाष्कर भी आंख-मिचौली का खेल खेलते नजर आये.
शनिवार को सिलीगुड़ी व आसपास के इलाकों में सूर्य देवता दिनभर विलुप्त रहे. वहीं उत्तर बंगाल के कई इलाकों में कुछ देर के लिए ही नजर आये. सर्द मौसम की वजह से आज भी दिन भर जन जीवन अस्त-व्यस्त बना रहा. अधिकांश लोग घरों में ही रजाई-कंबलों में दुबके नजर आये. मार्केट, हाट-बाजारों में भी अन्य दिनों के अपेक्षा आज अधिक सन्नाटा नजर आया. जरुरी कामों के वजह से ही लोग व महिलाएं पूरे शरीर को गरम कपड़ों से ढक कर घरों से बाहर निकलने को मजबूर हुए. जगह-जगह अलाव जलाकर लोग तपिश लेते नजर आये. हांड़ कपाती सर्द हवाओं की वजह से सबसे अधिक परेशानी खुली छत और फूटपाथों पर जिंदगी गुजर-बसर करनेवालों, मासूम बच्चों, मरीजों, वृद्धों को हो रही है.
उत्तर बंगाल व सिक्किम में गिर रहा तापमान
उत्तर बंग विश्वविद्यालय के मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार उत्तर बंगाल और सिक्किम में शनिवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन आंका गया है. सर्द हवाओं की वजह से जहां पारा लगातार लुढ़क रहा है वहीं, घने कुहासों की वजह से विजिविलिटी भी घटकर केवल 16.1 किमी रह गयी है. मौसम विभाग की माने तो आज सिलीगुड़ी में तापमान अधिकतम 11 व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, अलिपुरद्वार जिले में अधिकतम 12 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस, कूचबिहार जिले में अधिकतम 13 व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस, जलपाईगुड़ी जिले में अधिकतम 20 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस, दार्जिलिंग जिले में अधिकतम 11 व न्यूनतम शून्य डिग्री सेल्सियस, कालिम्पोंग जिले में अधिकतम 15 व न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस, उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में अधिकतम 20 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस, दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर में अधिकतम 24 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस व मालदा जिले में अधिकतम 14 व न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस रहा. दूसरी ओर, उत्तर बंगाल से सटे पड़ोसी राज्य सिक्किम के पहाड़ी क्षेत्रों के गंगटोक में आज का तापमान अधिकतम 9 व न्यूनतम शून्य डिग्री सेल्सियस, सिंगताम में तापमान अधिकतम 11 व न्यूनतम शून्य डिग्री सेल्सियस एवं नाम्ची में तापमान अधिकतम 17 डिग्री व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस है.
ट्रेन व विमान सेवाओं पर भी असर
घने कुहासों की वजह से शनिवार को जहां वाहनों व ट्रेनों की रफ्तार में कमी आ गयी वहीं, विमान उड़ान पर भी असर पड़ता देखा गया. हाइवे, स्टेट हाइवे नेशनल हाइवे व एशियन हाइवे घने कुहासों से घिरे होने के कारण वाहनें केवल रेंगती नजर आयी. वहीं, न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) और सिलीगुड़ी से होकर चलनेवाली अधिकांश दूरगामी कई ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से 15 से भी अधिक घंटों की देरी से चल रही हैं. वहीं, ब्रह्मपुत्र मेल व नॉर्थ इस्ट एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 24 घंटे से भी अधिक देरी से चल रही हैं. महानंदा ट्रेन को तो कई रोज पहले ही रद्द कर दिया गया है. दूसरी ओर बागडोगरा एयरपोर्ट पर भी आज घना कुहासा छाया रहा.
इसकी वजह से एयर एशिया की कोलकाता-बागडोगरा विमान को रद्द करना पड़ा. एयरपोर्ट के निदेशक राकेश रंजन सहाय ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा है कि एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के वजह से ही इस विमान को रद्द करना पड़ा. हालांकि अन्य उड़ानों पर कोई खास असर नहीं पड़ा. अन्य जगहों के 20 विमानों की उड़ान सामान्य रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










