भारी बारिश के बीच जर्जर इमारतें बनीं खतरनाक

Updated at :12 Jul 2017 8:37 AM
विज्ञापन
भारी बारिश के बीच जर्जर इमारतें बनीं खतरनाक

सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम के रिहायशी इलाके में एक बार फिर तीन मंजिला इमारत का छज्जा ढह जाने से हड़कंप मच गया. हादसा मंगलवार की सुबह निगम क्षेत्र के 17 नंबर वार्ड के रिहायशी इलाके में सिलीगुड़ी कॉलेज के निकट आशुतोष मुखर्जी रोड निवासी सुब्रत चक्रवर्ती के मकान में घटित हुआ. हालांकि इस हादसे में […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम के रिहायशी इलाके में एक बार फिर तीन मंजिला इमारत का छज्जा ढह जाने से हड़कंप मच गया. हादसा मंगलवार की सुबह निगम क्षेत्र के 17 नंबर वार्ड के रिहायशी इलाके में सिलीगुड़ी कॉलेज के निकट आशुतोष मुखर्जी रोड निवासी सुब्रत चक्रवर्ती के मकान में घटित हुआ. हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है.

श्री चक्रवर्ती के परिवार के सभी लोग बाल-बाल बच गये. इस हादसे में इमारत के नीचे सड़क पर खड़ी एक साइकिल मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी. हादसे की खबर मिलते ही वार्ड के ही निवासी सह पर्यटन मंत्री गौतम देव, मेयर अशोक भट्टाचार्य, निगम में बिल्डिंग व पीडब्ल्यूडी विभाग के मेयर परिषद सदस्य (एमएमआइसी) मुंशी नुरुल इस्लाम, तीन नंबर बोरो कमेटी के चेयरमैन निखिल साहनी ने भी मौके पर पहुंचकर हादसे का जायजा लिया और सबों ने हादसे पर अफसोस जाहिर किया. इनके अलावा निगम के संबंधित विभागों के अधिकारियों व इंजीनियरों का भी तांता लगा रहा. हालांकि हादसे को लेकर श्री चक्रवर्ती व उनके परिवार के कोई भी सदस्य मीडिया के सामने टिप्पणी करने से बचते रहे. विदित हो कि तकरीबन 10 रोज पहले ही निगम के नौ नंबर वार्ड के खालपाड़ा के एमजी रोड स्थित दुर्गा दत्त अग्रवाल का वर्षों पुराना मकान भी ढह गया था. सिलीगुड़ी में हाल के दिनों में मकान ढहने की आज की दूसरी घटना है.
हादसे के बाद गुस्साये लोग: हादसे के बाद स्थानीय लोग भ‍ड़क उठे. आक्रोशित लोगों का आरोप है कि सुब्रत चक्रवर्ती अवैध तरीके से मकान का निर्माण करवा रहे थे. तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के वजह से कमजोर मकान अपनी नींव पर टिक न सका और धराशायी हो गया. स्थानीय निवासी परिमल भट्टाचार्य का कहना है कि बारिश की वजह से सड़क सुनसान थी. अगर हादसे के दौरान कोई चपेट में आ जाता तो उसका जिम्मेदार कौन होता. श्री भट्टाचार्य का कहना है कि शहर में धड़ल्ले से हो रहे अवैध निर्माणों को लेकर निगम को सख्त होने की जरुरत है.
हादसे पर गौतम देव ने की चिंता जाहिर ः मकान ढहने का जायजा लेने के बाद पर्यटन मंत्री गौतम देव ने चिंता जाहिर की. साथ ही कहा कि उन्हें यह जानकारी है कि सुब्रत चक्रवर्ती का यह मकान अधिक पुराना नहीं है, बल्कि दस-बारह वर्ष ही पुराना है. मकान की तीसरी मंजिल पर बनाये जा रहे टीन शेड के वजह से ही छत ढह गयी. मीडिया के सवाल का जवाज देते हुए श्री देव ने कहा कि फिलहाल यह कहना उचित नहीं होगा कि मकान अवैध है या वैध. यह जांच का विषय है. इसके लिए श्री देव ने निगम के तीन नंबर बोरो कमेटी के तृणमूल कांग्रेस (तकां) के चेयरमैन निखिल साहनी को विस्तृत रिपोर्ट बना कर जल्द पेश करने का निर्देश दिया है.
अवैध निर्माण पर निखिल ने निगम बोर्ड पर कसा तंज
तीन नंबर बोरो कमेटी के तृणमूल कांग्रेस के चेयरमैन निखिल साहनी ने आज ढहे मकान को अवैध निर्माण करार दिया और इस अवैध निर्माण को लेकर श्री साहनी ने निगम वाम बोर्ड पर जमकर तंज कसा. उन्होंने कहा कि वर्तमान वाम बोर्ड के इशारे पर ही शहर में धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहा है. बोर्ड मीटिंग में बार-बार चेताने के बावजूद बोर्ड अवैध निर्माण के विरुद्ध कुछ नहीं कर रही. इसकी नतीजा है कि बार-बार शहर में मकान धराशायी हो रहे हैं. श्री साहनी ने बताया कि आज कॉलेज पाड़ा में जो मकान ढहा है. उस पर भी अवैध निर्माण का काम चल रहा था. इसकी लिखित शिकायत उन्होंने आज ही निगम के बिल्डिंग और पीडब्ल्यूडी विभाग को कर दी है. उन्होंने वाम बोर्ड को चेतावनी दी है कि अगर शहर में अवैध निर्माणों को नहीं रोका गया तो तकां की ओर से निगम में वाम बोर्ड के विरुद्ध आंदोलन किया जायेगा.
मेयर के निर्देश पर जांच-पड़ताल में जुटी निगम ः मेयर अशोक भट्टाचार्य ने भी हादसे पर खेद प्रकट किया है. और हादसे का जायजा लेने के बाद निगम के बिल्डिंग और पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर और अधिकारी जांच-पड़ताल में भी जुट गये हैं. सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही निगम मकान मालिक पर कार्रवाई करेगा. श्री भट्टाचार्य का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण कतई बरदाश्त नहीं किया जायेगा. इसे लेकर वर्तमान बोर्ड काफी गंभीर है. साथ ही निगम की ओर से शहर में निर्माणाधीन अवैध निर्माण और वर्षों पुराने जर्जर मकानों को चिह्नित कर सूची तैयार कर रही है. और सर्वें रिपोर्ट के आधार पर मकान मालिकों को नोटिस भेजना भी शुरू कर दिया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola