दार्जिलिंग: फ्लैग मार्च कर रहे हैं सेना के जवान, गोजमुमो के बंद से सड़कों पर पसरा सन्नाटा, आइटीआइ कॉलेज फूंका, रोकी बसें

Updated at :10 Jun 2017 8:35 AM
विज्ञापन
दार्जिलिंग: फ्लैग मार्च कर रहे हैं सेना के जवान, गोजमुमो के बंद से सड़कों पर पसरा सन्नाटा, आइटीआइ कॉलेज फूंका, रोकी बसें

सिलीगुड़ी/दार्जिलिंग. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दार्जिलिंग में मौजूदगी और गोजमुमो द्वारा आहूत बंद को देखते हुए शुक्रवार को दार्जिलिंग शहर को किले में तब्दील कर दिया गया. शुक्रवार को गोजमुमो ने 12 घंटे के बंद का आह्वान किया था. इसे देखते हुए यहां सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गये. राज्य पुलिस के साथ ही सेना […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी/दार्जिलिंग. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दार्जिलिंग में मौजूदगी और गोजमुमो द्वारा आहूत बंद को देखते हुए शुक्रवार को दार्जिलिंग शहर को किले में तब्दील कर दिया गया. शुक्रवार को गोजमुमो ने 12 घंटे के बंद का आह्वान किया था. इसे देखते हुए यहां सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गये. राज्य पुलिस के साथ ही सेना ने भी मोरचा संभाल लिया है. सेना के जवान दार्जिलिंग में विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च कर रहे हैं.
सभी दुकानें बंद
दूसरी ओर बंद के चलते शुक्रवार को पहाड़ में सन्नाटा पसरा रहा. आमतौर पर ट्रैफिक जाम से परेशान रहनेवाले दार्जिलिंग शहर की सड़कों पर केवल पुलिस-प्रशासन व सेना की गाड़ियां ही दिखीं. शांति-व्यवस्था बनाये रखने के लिए सेना के जवान गाड़ी में सवार होकर फ्लैग मार्च कर रहे हैं. छोटी-बड़ी सभी दुकानें बंद हैं. शहर के चौक बजार से लेकर जज बजार तक सभी जगह पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है. दार्जिलिंग के साथ ही कालिम्पोंग, कर्सियांग और मिरिक में भी बंद का असर देखा गया. सड़कों पर गाड़ियां नहीं चलीं. सुबह से ही मोरचा समर्थक विभिन्न स्थानों पर पिकेटिंग कर रहे थे. जितनी भी गाड़ियां आ रही थीं, सभी को मोरचा समर्थक रोक रहे थे. सिर्फ पर्यटकों की गाड़ियों को ही जाने दिया जा रहा था.
सुकना में हालात तनावपूर्ण
दूसरी ओर, सिलीगुड़ी के निकट सुकना में सुबह उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गयी, जब दार्जिलिंग की ओर जा रही एक बस को मोरचा समर्थकों ने रोक दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. दूसरी ओर 12 घंटे के पहाड़ बंद के दौरान कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. उसके बाद भी मंगपो में भीड़ द्वारा आइटीआइ कॉलेज को फूंक दिये जाने की सूचना है. इस कॉलेज का निर्माण काम अभी चल रहा था. इसके साथ ही पास स्थित सिनकोना बागान मैनेजर के कार्यालय में भी तोड़फोड़ किये जाने की सूचना है.
बात-बात पर बंद बर्दाश्त नहीं : सीएम
इधर,राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंद समर्थकों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि बात-बात पर बंद बरदाश्त नहीं किया जायेगा. जो लोग भी पहाड़ को आग लगा रहे हैं उनको बख्शा नहीं जायेगा.वह चाहती हैं कि पहाड़ पर शांति हो,विकास हो, लेकिन कुछ लोग अशांति चाहते हैं.कानून से कोई भी उपर नहीं है. हिंसा फैलाने के मामले में कानून अपना काम करेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola