कोलकाता से पहले सिलीगुड़ी में PM मोदी का मेगा रोड शो, उत्तर बंगाल फतह का ये है BJP प्लान
Pm Modi Siliguri Road Show West Bengal Election 2026 Nitin Nabin
PM Modi Siliguri Road Show 2026: बंगाल चुनाव 2026 के लिए पीएम मोदी 7 या 8 अप्रैल को सिलीगुड़ी में रोड शो करेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बंगाल के 10 जोन में बैठक कर संगठन को मजबूत करेंगे. जानें भाजपा का पूरा चुनावी प्लान.
PM Modi Siliguri Road Show: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से पहले ही उत्तर बंगाल का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंचने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 या 8 अप्रैल को सिलीगुड़ी की सड़कों पर विशाल रोड शो कर सकते हैं. भाजपा के अनुसार, उत्तर बंगाल की सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री की यहां कुल 4 बड़ी जनसभाएं प्रस्तावित हैं.
सुनील बंसल और भूपेंद्र यादव कर रहे मैराथन बैठक
इस हाई-प्रोफाइल दौरे की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अभी से सिलीगुड़ी में डेरा डाल दिया है. दोनों नेता स्थानीय पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें कर रहे हैं.
सिलीगुड़ी में शक्ति प्रदर्शन : 4 जनसभाओं से मचेगा शोर
प्रधानमंत्री मोदी का उत्तर बंगाल दौरा इस बार रणनीतिक रूप से बेहद खास है. सिलीगुड़ी में प्रस्तावित रोड शो के जरिये भाजपा पूरे उत्तर बंगाल के मतदाताओं को एकजुट करने का संदेश देगी. सुनील बंसल और भूपेंद्र यादव की देखरेख में उन 4 जगहों का चयन किया जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री की रैलियां होनी हैं. इन सभाओं के केंद्र में चाय बागान, आदिवासी बेल्ट और सीमावर्ती क्षेत्रों के ज्वलंत मुद्दे रहेंगे.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ‘जोन प्लान’
प्रधानमंत्री के दौरे के समानांतर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी अगले सप्ताह से बंगाल के तूफानी दौरे पर रहेंगे. नबीन का यह दौरा संगठन की जड़ों को सींचने के लिए है. वे राज्य के 10 अलग-अलग जोनों में सांगठनिक बैठकें करेंगे.
- सांगठनिक मजबूती : प्रत्येक जोन में जाकर नितिन नबीन जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं (बूथ अध्यक्षों) से सीधा संवाद करेंगे.
- रणनीति : आधिकारिक ऐलान से पहले ही नबीन का यह दौरा भाजपा के ‘माइक्रो-मैनेजमेंट’ का हिस्सा माना जा रहा है. वे कुछ जनसभाओं को भी संबोधित कर सकते हैं, ताकि चुनावी माहौल को पूरी तरह भाजपा के पक्ष में मोड़ा जा सके
संगठन को धार, विपक्ष पर वार
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि पहले चरण (23 अप्रैल) के मतदान वाले जिलों में पीएम मोदी का रोड शो और नितिन नबीन की सांगठनिक सक्रियता ‘गेम चेंजर’ साबित होगी. एक तरफ मोदी का चेहरा जनता में विश्वास जगायेगा, तो दूसरी तरफ नबीन की सांगठनिक बैठकें कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर ‘खेला’ करने के लिए तैयार करेंगी.
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव 2026: ममता बनर्जी के चुनावी शंखनाद पर कुदरत का पहरा, अलीपुरदुआर की जनसभा टली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









