बंगाल चुनाव 2026: ममता बनर्जी के चुनावी शंखनाद पर कुदरत का पहरा, अलीपुरदुआर की जनसभा टली
Mamata Banerjee Alipurduar Rally West Bengal Election 2026
Mamata Banerjee Alipurduar Rally: उत्तर बंगाल में भारी बारिश और आंधी के अलर्ट के चलते पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मंगलवार का अलीपुरदुआर दौरा रद्द कर दिया गया है. जानें क्या है नया शेड्यूल और मौसम का हाल.
Mamata Banerjee Alipurduar Rally: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धुआंधार प्रचार अभियान के आगाज पर मौसम ने रोक लगा दी है. मंगलवार (24 मार्च) को उत्तर बंगाल के अलीपुरदुआर से होने वाला ‘दीदी’ का चुनावी शंखनाद खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के कारण टाल दिया गया है. जिला प्रशासन और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अनुसार, अब यह जनसभा 25 मार्च को होने की संभावना है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक उत्तर बंगाल के जिलों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके चलते सुरक्षा कारणों से ममता बनर्जी के उत्तर बंगाल दौरे को टाल दिया गया है.
परेड ग्राउंड में होनी थी सभा
अलीपुरदुआर के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार साव ने बताया कि मंगलवार को परेड ग्राउंड में होने वाली मुख्यमंत्री की प्रस्तावित सभा को फिलहाल रद्द कर दिया गया है. एसपी ने बताया कि खराब मौसम के बीच वीवीआईपी मूवमेंट और जनसभा का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है. जिला तृणमूल चेयरमैन गंगा प्रसाद शर्मा ने कहा कि मंगलवार का कार्यक्रम रद्द हुआ है, लेकिन 25 मार्च को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अलीपुरदुआर में हुंकार भर सकती हैं.
Mamata Banerjee Alipurduar Rally: मौसम विभाग का अलर्ट
क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार तक पूरे उत्तर बंगाल में चक्रवाती हवाओं और गरज के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी. अलीपुरदुआर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की आशंका जतायी गयी है. ऐसे में मैदान की स्थिति और हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को ध्यान में रखते हुए टीएमसी नेतृत्व नयी तारीख पर विचार कर रहा है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
चुनावी रणनीतियों पर असर?
ममता बनर्जी का यह दौरा उत्तर बंगाल की सीटों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पहले चरण में 23 अप्रैल को उत्तर बंगाल की विधानसभा सीटों पर मतदान होना है. प्रचार की शुरुआत में इस ‘ब्रेक’ से पार्टी कार्यकर्ता थोड़े मायूस जरूर हैं, लेकिन नेतृत्व का कहना है कि 25 मार्च को दोगुने उत्साह के साथ चुनाव प्रचार शुरू होगा.
इसे भी पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









