बरानगर में रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायी से मारपीट का आरोप

बरानगर थाना क्षेत्र के गोपाल लाल ठाकुर रोड इलाके में एक इंटीरियर डिजाइनर व्यवसायी से एक लाख रुपये रंगदारी नहीं देने पर घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन क्लब में ले जाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है.
क्लब ले जाकर जान से मारने की दी धमकी, दो गिरफ्तार
प्रतिनिधि, बैरकपुर
बरानगर थाना क्षेत्र के गोपाल लाल ठाकुर रोड इलाके में एक इंटीरियर डिजाइनर व्यवसायी से एक लाख रुपये रंगदारी नहीं देने पर घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन क्लब में ले जाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल जादव उर्फ बोगा और आयुष कुंडू उर्फ गोपाल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दोनों की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गयी. पीड़ित व्यवसायी सुदीप्त घोष, जो बरानगर के देशबंधु रोड इलाके के निवासी हैं, ने आरोप लगाया है कि स्थानीय तृणमूल नेता व प्रमोटर शंकर राउत के इशारे पर उन पर हमला कराया गया.
उनका कहना है कि उनसे रंगदारी के तौर पर एक लाख रुपये का चंदा मांगा गया था. रकम देने से इनकार करने पर शुक्रवार रात उनके घर में घुसकर मारपीट की गयी. इसके बाद उन्हें जबरन एक क्लब में ले जाया गया, जहां दोबारा पिटाई की गयी और जान से मारने की धमकी भी दी गयी. हालांकि, आरोपी तृणमूल नेता शंकर राउत ने सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि इंटीरियर व्यवसायी ने एक वकील दंपती से काम के लिए पैसे लिये थे, लेकिन काम पूरा नहीं किया. जब दंपती ने पैसे लौटाने को कहा, तो व्यवसायी ने उनके नाम पर ही दंपती को धमकाया. शंकर राउत के अनुसार, दंपती ने कुछ दिन पहले उनसे संपर्क कर पूरी जानकारी दी थी. शुक्रवार को उन्होंने सुदीप्त से फोन पर मामला सुलझाने को कहा, जिसके बाद उन पर झूठे आरोप लगाये गये. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उधर, दोनों पक्षों ने बरानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर, भाजपा नेता सजल घोष ने घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं. वहीं, बरानगर की तृणमूल विधायक सायंतिका बनर्जी ने कहा कि घटना का राजनीति से कोई संबंध नहीं है और भाजपा जानबूझकर मामले का राजनीतिकरण कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




