महाकुंभ से लौट रही तीर्थयात्रियों की बस पलटी, 23 लोग जख्मी

Updated at : 02 Mar 2025 11:59 PM (IST)
विज्ञापन
महाकुंभ से लौट रही तीर्थयात्रियों की बस पलटी, 23 लोग जख्मी

महाकुंभ में स्नान कर लौट रही तीर्थयात्रियों से भरी एक लग्जरी बस हुगली जिले के दादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमसारा इलाके में नेशनल हाइवे-19 के किनारे खाई में पलट गयी.

विज्ञापन

छह की हालत गंभीर, धनियाखाली व चुंचुड़ा अस्पताल में भर्ती

प्रतिनिधि, हुगली.

महाकुंभ में स्नान कर लौट रही तीर्थयात्रियों से भरी एक लग्जरी बस हुगली जिले के दादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमसारा इलाके में नेशनल हाइवे-19 के किनारे खाई में पलट गयी. इस दुर्घटना में कुल 23 यात्री घायल हो गये. इनमें से छह की हालत गंभीर बतायी जा रही है. घायलों में 17 पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं.

घटना की सूचना मिलते ही हुगली ग्रामीण पुलिस के अधीक्षक कामनाशीष सेन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कल्याण सरकार, डीएसपी (डीएनटी) प्रियव्रत बक्शी, सीआइ (सर्किल इंस्पेक्टर) धनियाखाली रामगोपाल पाल, थाना प्रभारी अभिषेक चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गये.

पुलिस ने तुरंत कई एंबुलेंस बुलवा कर घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए धनियाखाली ग्रामीण अस्पताल भेजा. गंभीर रूप से जख्मी छह घायलों को चुंचुड़ा इमामबाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घायलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए धनियाखाली अस्पताल में स्थानीय विधायक असीमा पात्र और इमामबाड़ा अस्पताल में सप्तग्राम के विधायक तपन दासगुप्ता पहुंचे. घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किये. डीएसपी (डीएनटी) प्रियव्रत बक्शी और थाना प्रभारी अभिषेक चौधरी ने घायलों के इलाज की व्यवस्था संभाली, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याण सरकार और सीआइ रामगोपाल पाल ने ट्रैफिक व्यवस्था बनाये रखी.

रातभर के सफर के बाद ड्राइवर को आ गयी थी झपकी : प्रारंभिक जांच के अनुसार बस उत्तर 24 परगना के गाइघाटा से तीर्थयात्रियों को लेकर निकली थी. यात्रियों ने सोमवार को गंगा स्नान किया, फिर अयोध्या गये और वहां से गया होते हुए लौट रहे थे. लौटते वक्त बस बर्दवान जिले के शक्तिगढ़ में कुछ देर रुकी थी, जहां बस चालक ने यात्रियों को बताया कि वह काफी थका महसूस कर रहा है और उसे नींद आ रही है. हालांकि, यात्रियों की जल्द घर पहुंचने की इच्छा को देखते हुए चालक ने सफर जारी रखा. इस बीच, रास्ते में ड्राइवर को झपकी आ गयी, जिससे बस अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे खाई में पलट गयी. पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है कि ड्राइवर को पर्याप्त आराम दिया गया था या नहीं और बस में यांत्रिक खराबी थी या नहीं.

दादपुर थाना पुलिस ने बाकी बचे यात्रियों को थाने लाकर उनके खाने-पीने और अन्य जरूरी व्यवस्था की. सभी घायलों के परिजनों को सूचना भेज दी गयी. घटनास्थल से यात्रियों के सामान को सुरक्षित थाने में रखा गया, जिसे पहचान पत्र दिखा कर लिया जा सकता है. पुलिस ने यात्रियों को आश्वासन दिया है कि उनकी हरसंभव मदद की जायेगी. प्रशासन दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए उपाय किये जायें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola