बैरकपुर : सड़क हादसों पर लगाम लगाने की कवायद

गत वर्ष सड़क हादसों में कुल 166 लोगों की मौत हुई और 350 लोग घायल हुए.
मनोरंजन सिंह, बैरकपुर
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में गत वर्ष आपराधिक घटनाओं से अधिक सड़क हादसों में लोगों की जानें गयी हैं. गत वर्ष सड़क हादसों में कुल 166 लोगों की मौत हुई और 350 लोग घायल हुए. इसे देखते हुए इस साल के शुरू से ही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने की कवायद शुरू की गयी है. बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के नये सीपी अजय ठाकुर के दिशानिर्देश पर कई नयी योजनाओं पर पहल की जा रही है.
गौरतलब है कि गत 14 फरवरी को बेलघरिया एक्सप्रेसवे पर एक लॉरी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. इसके साथ ही गत 16 फरवरी को ही बेलघरिया एक्सप्रेसवे में हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गयी. कमिश्नरेट क्षेत्र में सड़क हादसे रोजाना गकी बात है. साथ ही व्यस्त सड़कों पर लगातार ट्रैफिक जाम की भी कई बार समस्या देखी गयी है. इन सभी मुद्दों की समीक्षा कर बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव की कई योजना बनायी है.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी : बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी सीपी (सदर व ट्रैफिक ) अतुल विश्वनाथन ने कहा है कि दुर्घटना पर लगाम लगाने के लिए लोगों में अधिक से अधिक जागरूकता की जरूरत है. पुलिस प्रशासन लोगों को जागरूक करने के लिए अपने स्तर से निरंतर अधिक से अधिक प्रचार कर रहा है. साथ ही बैरकपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए कई नयी योजनाएं भी बनायी जा रही हैं.
आपराधिक घटनाओं से अधिक सड़क हादसों में गयी लोगों की जान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराध की घटनाओं में 2024 में कुल 45 लोगों की मौत हुई है. वहीं, लगभग चार गुना लोगों की मौत ट्रैफिक दुर्घटनाओं में हुई है. 2024 में ट्रैफिक दुर्घटनाओं में 166 लोगों की मौत और 350 लोग घायल हुए. इनमें कई गंभीर रूप से भी घायल हुए थे. गत साल 30,000 लोगों को बिना हेलमेट के बाइक चलाते जुर्माना लगाया गया. 5000 लोगों का बिना सीटबेल्ट के कार चलते चालान काटा गया. 2700 ऐसे लोगों का चालान काटा गया, जो मोबाइल लेकर बाइक और कार चलाते हुए पकड़े गये थे.
चार सब-ट्रैफिक गार्ड बदल कर होंगे ट्रैफिक गार्ड
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कमिश्नरेट क्षेत्र के चार सब-ट्रैफिक गार्डों को ट्रैफिक गार्ड में बदला जायेगा. बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डनलप, सोदपुर, नागेरबाजार, बैरकपुर, कांपा, निमता, श्यामनगर आतपुर इन सात स्थानों पर तीन स्थानों पर ट्रैफिक गार्ड हैं, जो सभी इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी के अधीन हैं. शेष चार जगहों पर सब-ट्रैफिक गार्ड हैं, जो उनसे नीचे स्तर के रैंक के अधिकारियों के अधीन हैं. इन चार जगहों को भी ट्रैफिक गार्डों में बदल कर इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के अधीन सौंपा जायेगा.
इन क्षेत्रों पर पुलिस की विशेष नजर
पुलिस के मुताबिक सड़क दुर्घटनाओं में पिछले साल 166 लोगों की मौत हुई थी. इससे चिंतित पुलिस अधिकारियों ने कई पहल की है. बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट मुख्य रूप से बीटी रोड और बेलघरिया एक्सप्रेसवे के साथ-साथ कल्याणी एक्सप्रेसवे और घोषपाड़ा रोड पर विशेष ध्यान देना चाहता है. कल्याणी एक्सप्रेसवे और बेलघरिया एक्सप्रेसवे के किनारे कई बार के सामने भी पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी रखी जायेगी, क्योंकि बार से निकल कर शराब के नशे में गाड़ी चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं. नये सीपी ने ट्रैफिक विभाग के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर दुर्घटना दर को कम करने के लिए नयी पहलों पर चर्चा की है.
बढ़ायी जायेगी पुलिस-कर्मियों की संख्या
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में ट्रैफिक को और बेहतर करने के लिए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ायी जायेगी. अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किये जायेंगे. बैरकपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में सभी महत्वपूर्ण चौराहों पर सिग्नलिंग प्रणाली को और अधिक सक्रिय किया जायेगा. इसके अलावा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जायेगी क्योंकि कई जगहों पर बदहाल सड़कों के कारण भी दुर्घटनाएं होती हैं. इस संबंध में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों की लोक निर्माण विभाग के साथ चर्चा चल रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










