हादसे में ऑटो पलटा, कई परीक्षार्थी घायल
Published by : AKHILESH KUMAR SINGH Updated At : 13 Feb 2026 1:32 AM
उच्च माध्यमिक परीक्षा के पहले दिन घर लौट रहीं छात्राएं सड़क हादसे का शिकार हो गयीं. गुरुवार दोपहर उत्तर 24 परगना जिले के बारासात स्थित बामनगाछी इलाके में एक फोर-व्हीलर की टक्कर से ऑटो पलट गया, जिससे सात से आठ छात्राएं घायल हो गयीं.
बारासात के बामनगाछी में परीक्षा के पहले दिन हुआ हादसा
संवाददाता, बारासातउच्च माध्यमिक परीक्षा के पहले दिन घर लौट रहीं छात्राएं सड़क हादसे का शिकार हो गयीं. गुरुवार दोपहर उत्तर 24 परगना जिले के बारासात स्थित बामनगाछी इलाके में एक फोर-व्हीलर की टक्कर से ऑटो पलट गया, जिससे सात से आठ छात्राएं घायल हो गयीं. जानकारी के अनुसार, पूर्व बारासात आदर्श विद्यापीठ की छात्राएं परीक्षा देकर अपने अभिभावकों के साथ ऑटो से घर लौट रही थीं. ऑटो बारासात चापडाली से जागुलिया की ओर जा रहा था. बामनगाछी चौरस्ता के पास एक फोर-व्हीलर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो बीच सड़क पर पलट गया. हादसे में ऑटो सवार सभी लोग घायल हो गये. घायल परीक्षार्थियों को तुरंत बारासात मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. कुछ छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी, जबकि दो-तीन का इलाज अब भी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस जब कार चालक को पकड़ने पहुंची तो वह भी गाड़ी छोड़कर भाग चुका था. बारासात पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों चालकों की तलाश शुरू कर दी है.
परीक्षार्थी के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष व्यवस्था
हुगली. जिले में गुरुवार से शुरू हुई उच्च माध्यमिक परीक्षा के पहले दिन औद्योगिक हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की गयी. सभी परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गयी है. चंदननगर ट्रैफिक पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए विद्यार्थियों की सहायता की. ट्रैफिक इंस्पेक्टर मानदाता साव के नेतृत्व में चंदननगर कृष्ण भवानी नारी शिक्षा निकेतन परीक्षा केंद्र पर पहुंचे परीक्षार्थियों को पेन और पानी की बोतलें वितरित की गयीं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो. अक्सर देखा जाता है कि परीक्षार्थी पेन लाना भूल जाते हैं. इसे ध्यान में रखते हुए सभी को पेन उपलब्ध कराये गये. परीक्षा 27 फरवरी तक चलेगी. इस वर्ष जिले में कुल 39,946 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं. नयी व्यवस्था के तहत प्रथम बैच के चौथे सेमेस्टर में 36,623 परीक्षार्थी शामिल हैं, जिनमें 15,429 छात्र और 21,194 छात्राएं हैं. छात्राओं की संख्या छात्रों से 5,765 अधिक है. पूरे जिले में 112 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी की जा रही है. साथ ही मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










