हादसे के 32 घंटे बाद आनंदपुर गोदाम पहुंचे अग्निशमन मंत्री, देर से पहुंचने का बताया ये कारण

अग्निशमन महानिदेशक से बात करते मंत्री
Anandapur Fire: अग्निशमन मंत्री ने कहा- मैंने महानिदेशक से बात की है. यहां आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं थी. हमें यहां ऐसा कुछ भी नहीं दिखा. हम आग से संबंधित ऑडिट करते हैं. हमें यह देखना होगा कि क्या यहां फायर ऑडिट हुआ था.
मुख्य बातें
Anandapur Fire: कोलकाता. आनंदपुर अग्निकांड के 32 घंटे बाद आखिरकार अग्निशमन मंत्री सुजीत बसु घटनास्थल देखने गोदाम पहुंचे. उन्होंने पूरे हादसे की जानकारी अग्निशतन विभाग के महानिदेशक से ली. पत्रकारों से बात करते हुए सुजीत ने स्वीकार किया कि उनके आने में देर हुई है. उन्होंने कहा कि कल गणतंत्र दिवस था और कई जगहों पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण वो व्यस्त थे. उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. मंत्री ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. लापता लोगों की तलाश के लिए अथक प्रयास किए जा रहे हैं. सोमवार को विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने व्यंग्य करते हुए कहा था- सरकार छुट्टी पर है. यह गणतंत्र दिवस की छुट्टी मना रही है. यह सरकार अब अस्तित्व में नहीं रहेगी. आखिरकार मंगलवार की सुबह 11 बजे, 32 घंटे बाद अग्निशमन मंत्री आनंदपुर के जले हुए इलाके में पहुंचे.
हादसे के सुबह मिली सूचना
हादसे को लेकर सरकार के मंत्रियों में गंभीरता कम देखने को मिली है. रविवार को तड़के 1 बजे के आसपास आग लगी थी. करीब 15 घंटे बाद बिजली मंत्री अरूप बिश्वास वहां पहुंचे थे, लेकिन दिन भर यही सवाल बना रहा कि अग्निशमन एवं बचाव मंत्री कहां हैं. सोमवार को एक अन्य कार्यक्रम से निकलते समय पत्रकारों से बात करते हुए अग्निशमन एवं बचाव मंत्री ने शाम 7:30 बजे कहा- वह सुबह 3 बजे से नियंत्रण कक्ष के संपर्क में थे. पिछले 32 घंटे में विपक्ष ने बार बार यह सवाल उठाया है कि हादसे के बाद अग्निशमन मंत्री कहां थे. हादसे की सूचना मिलने के संबंध में मंत्री ने कहा- मुझे सबसे पहले सुबह 3 बजे खबर मिली.
यह तो भूतिया घर है
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा-आग रात में लगी. लगभग 35 हजार वर्ग फुट का क्षेत्र जलकर खाक हो गया. यहां मोमो बनाने की फैक्ट्री थी, एक डेकोरेटर का गोदाम था. 12 फायर इंजन अलग-अलग चरणों में भेजे गए. आग पर काबू पा लिया गया. गाड़ियां अभी भी खड़ी हैं, क्योंकि कई जगहों पर छोटी-छोटी आग लग गई थी. यह तो भूतिया घर है. यहां बहुत सारा ज्वलनशील सामान रखा हुआ था. देर से आने के सवाल पर उन्होंने स्वयं कहा- कल गणतंत्र दिवस था, कई लोग कई जगहों पर व्यस्त थे. इसके बावजूद, यहां विशेष ध्यान दिया गया. कल रात भर लोग मौजूद थे.
हर बात की होगी जांच
सरकार पर यह आरोप पहले ही लग चुके हैं कि गोदाम दलदली ज़मीन पर बनाया गया था. सोमवार को अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि उन्हें वहां कोई अग्निशमन उपकरण नहीं मिला. इस सवाल पर अग्निशमन मंत्री ने कहा- मैंने महानिदेशक से बात की है. यहां आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं थी. हमें यहां ऐसा कुछ भी नहीं दिखा. हम आग से संबंधित ऑडिट करते हैं. हमें यह देखना होगा कि क्या यहां फायर ऑडिट हुआ था. हम इसकी जांच करेंगे. हर मामले की जांच की जाती है. एक फोरेंसिक टीम यहां आएगी. एफआईआर दर्ज की जाएगी, जांच होगी.
Also Read: Anandapur Fire: दमकल विभाग के महानिदेशक ने स्वीकारी गलती, घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




