पीएम मोदी ने ममता पर साधा निशाना, कहा- तृणमूल कांग्रेस सरकार का सूरज हो रहा है अस्त

Updated at : 25 Apr 2019 10:06 AM (IST)
विज्ञापन
पीएम मोदी ने ममता पर साधा निशाना, कहा- तृणमूल कांग्रेस सरकार का सूरज हो रहा है अस्त

बोलपुर/रानाघाट : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बीरभूम जिले के बोलपुर और नदिया के रानाघाट में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य की तृणमूल सरकार पर कड़ा प्रहार किया. मोदी ने कहा कि बंगाल को हिंसाग्रस्त और अशांत करने वाली तृणमूल सरकार […]

विज्ञापन

बोलपुर/रानाघाट : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बीरभूम जिले के बोलपुर और नदिया के रानाघाट में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य की तृणमूल सरकार पर कड़ा प्रहार किया. मोदी ने कहा कि बंगाल को हिंसाग्रस्त और अशांत करने वाली तृणमूल सरकार का सूरज जल्द अस्त होगा. इसके साथ ही गुंडागर्दी तथा रंगदारी का भी अंत होगा.

पीएम ने बोलपुर संसदीय क्षेत्र के इलमबाजार के कमारडांगा मैदान में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि ‘दीदी’ का सिंहासन हिल रहा है. तीसरे चरण के मतदान में हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत की चर्चा करते हुए इसके लिए उन्होंने तृणमूल को दोषी बताया. उन्होंने सभा में आये लोगों से कहा कि वे मतदान के दिन तृणमूल के गुंडों का प्रतिवाद करें. लोकतंत्र की वापसी के लिए गुंडातंत्र की समाप्ति जरूरी है.

पीएम ने कहा कि उनके विदेशी दौरे से विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है. पूरी दुनिया इसकी ताकत समझ रही है. सर्जिकल स्ट्राइक इसी ताकत का एक नमूना था. उन्होंने कहा कि देश तथा बंगाल से आतंकवाद, उग्रवाद को खत्म करने के लिए मजबूत प्रधानमंत्री की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिंदुओं के पर्व में बाधा डालती हैं. वह मुख्यमंत्री तथा परिवार की नेत्री किस तरह हो सकती है? सरस्वती पूजा, दुर्गापूजा, राम नवमी का पालन भी जनता डर व भय के बीच करती है. इस तरह की सरकार शायद ही किसी राज्य में है. हर काम के लिए सिंडीकेट को भुगतान करना पड़ता है. शांति एकमात्र भाजपा सरकार ही ला सकती है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को बंगाल में दीदी लागू नहीं कर रही हैं. यदि कुछ परियोजनाएं लागू भी हैं तो उस पर तृणमूल का गुंडा टैक्स वसूल किया जाता है. गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के सपनों की भूमि को घुसपैठियों की शरणस्थली बना दिया गया है तथा बम बनाने के कारखाने खुल गये हैं. शांतिनिकेतन को भी अशांत कर दिया गया है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के युवक व युवतियों ने बंगाल तथा भारत की संस्कृति की कल्पना इस तरह की नहीं की थी. पहली बार मतदान करनेवाले वोटर दीदी की इस अपसंस्कृति का जवाब गणतंत्र अधिकारों का उपयोग कर देंगे. उन्होंने दावा किया कि जो देश पहले महंगे तेल व गैस ऊंची दर पर बेचते थे, 20 वर्षों के करार को उन्होंने तोड़ा है. केंद्र में आने के बाद दोस्ताना तरीके से तेल और गैस का दाम कम कराया. विदेशों के बैंकों में कालाधन यदि कोई रखता है तो विदेश नीति के तहत बैंकों से हुए समझौते के आधार पर तत्काल भारत सरकार को इसकी सूचना मिल जायेगी.

उन्होंने कहा कि अत्याचारी शासन का काउंट डाउन शुरू हो गया है. आतंकवादियों को खत्म करना है तो मतदाताओं का एक-एक वोट चौकीदार के पक्ष में जाना होगा. चौकीदार की जीत होगी तथा तृणमूल के गुंडों की हार होगी. आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं करने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह गरीबों के साथ अन्याय है. जब तक तृणमूल की गुंडागर्दी रहेगी, तब तक राज्य में नये उद्योग की स्थापना नहीं होगी. कारखाने बंद हो रहे हैं. बेरोजगारी बढ़ गयी है. बांग्लादेश के घुसपैठियों को लेकर दीदी राजनीति कर रही हैं. चुनाव आयोग को गाली दी जा रही है. इन सब का जवाब यदि चाहिए तो अपने गणतांत्रिक अधिकार से देना होगा.

मंच पर बीरभूम संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी दूध कुमार मंडल, बोलपुर संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रार्थी रामप्रसाद दास तथा पूर्व बर्दवान संसदीय क्षेत्र के पार्टी प्रार्थी परेशचंद्र दास, पर्यवेक्षक कैलाश विजयवर्गीय, जिला अध्यक्ष रामकृष्ण राय, सांसद रूपा गांगुली, कालो सोना मंडल, पूर्व बर्दवान जिलाअध्यक्ष कृष्णा घोष आदि उपस्थित थे.

एनआरसी लागू किया जायेगा
रानाघाट के ताहिरपुर के नेताजी मैदान में आयोजित सभा में पीएम ने कहा: देश में जनता के चौकीदार की सरकार है जिसने आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा लेकिन विरोधी तोआतंकियों के समर्थन में ही आंसू बहा रहे हैं. सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्न उठाये जाते हैं. एयर स्ट्राइक का सबूत मांगा जाता है. केंद्र सरकार द्वारा गरीब तबकों के लिए शुरू की गयी आयुष्मान भारत योजना को राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने बंगाल में ताला मार दिया जिससे गरीब लाभान्वित नहीं हो पा रहे हैं. केंद्र सरकार पीएम किसान सम्मान योजना से पश्चिम बंगाल के किसानों के खाते में रुपये जमा कराना चाहती है मगर राज्य की सरकार ने किसानों की सूची ही नहीं दी. इससे साफ है कि बंगाल सरकार गरीबों और किसानों की कितनी हितैषी है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय परियोजनाओं को दीदी बंगाल में अपने नाम से चला रही हैं. पीएम मोदी ने कहा कि ऐसा लगता है कि हर कोई प्रधानमंत्री बनना चाहता है, जो पार्टी 20 या 25 सीटों पर चुनाव लड़ रही है वह भी प्रधानमंत्री के पद पर दावा करना चाहती है. जनता से समर्थन मांगते हुए पीएम ने कहा है कि इस बार भाजपा के सत्ता में आने के बाद एनआरसी के जरिये घुसपैठियों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाये जायेंगे. साथ ही वर्ष 2022 तक देश के हर गरीब परिवार के पास पक्का मकान होगा.

29 को बैरकपुर व हुगली में सभा करेंगे प्रधानमंत्री
कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को फिर पश्चिम बंगाल आयेंगे. वह दोपहर एक बजे हुगली में भाजपा प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे. वहीं तीन बजे बैरकपुर में अर्जुन सिंह के समर्थन में सभा करेंगे. इसके बाद अमित शाह का दौरा होगा. साथ ही भाजपा केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, सांसद मनोज तिवारी के अलावा फिल्मी हस्तियों और स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola