कहीं ढह न जाये चासीपाड़ा का तमला पुल, खौफ में बस्तीवासी

शहर के वार्ड 33 के अधीन चासीपाड़ा बस्ती स्थित तमला पुल जर्जर हो चुका है. बस्ती के लोगों ने डेढ़ माह पहले पुल के पास मिट्टी का ढेर लगा कर बड़े व भारी मालवाहनों की आवाजाही रोकने की कोशिश की थी.
दुर्गापुर.
शहर के वार्ड 33 के अधीन चासीपाड़ा बस्ती स्थित तमला पुल जर्जर हो चुका है. बस्ती के लोगों ने डेढ़ माह पहले पुल के पास मिट्टी का ढेर लगा कर बड़े व भारी मालवाहनों की आवाजाही रोकने की कोशिश की थी. साथ ही पुल की मरम्मत के लिए नगर निगम से लिखित रूप से आवेदन भी किया था. पर निगम की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया. इससे बस्ती के लोग हताश हैं एवं पुल के कभी भी टूटने के आशंका से दहशत में हैं. उनकी शिकायत है कि रोज पुल से सैकड़ों भारी वाहनों की आवाजाही होती है. इससे पुल के क्षतिग्रत होकर टूटने का भय है. नगर निगम प्रशासन को मामले में जल्द कोई व्यवस्था करनी चाहिए. अन्यथा तमला पुल टूट जाने पर बस्ती के लोगों का शहर से संपर्क कट जायेगा. इसका खामियाजा बस्ती के साथ शहर के लोगों को भी भुगतना पड़ेगा.पुल की दास्तान
उल्लेख्य है कि शहर के वार्ड 33 का चासीपाड़ा दुर्गापुर स्टील प्लांट(डीएसपी) की जमीन पर बसा है. यह पूरा इलाका हिंदीभाषा-भाषी बहुल क्षेत्र है, जहां कई दशकों से चार हजार से अधिक परिवार सब्जी की खेती एवं छोटे-मोटे काम धंधे करते हैं. बस्ती के बगल से तमला नदी से शहर का गंदा जल नाले के जरिए दामोदर नदी में भेजा जाता है. बस्ती के लोगों ने वर्षो पहले बांस का पुल नाले पर बनाया था. बांस से बने पुल पार करने में कई बार बस्ती के लोग दुर्घटना के शिकार हुए थे. लोगों की मांग पर वाममोर्चा के शासनकाल में निगम ने वर्ष 2000 में पक्का पुल बनवाया था. तब से इससे स्थानीय लोगों के अलावा विभिन्न प्लांट में काम करनेवाले मजदूर छोटे वाहनों से गुजरते थे. देखते-देखते शहर में कल-कारखाने बढ़ने पर इस पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही होने लगी, जिससे यह हांफने लगा.
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल बन जाने से बस्ती के स्कूली बच्चों का भिरंगी मोड़ जाने एवं माया बजार, गांधी मोड़ जाने में काफी सुविधा होती है. लेकिन ऐसे बड़े वाहनों की आवाजाही से पुल के टूटने का खतरा बढ़ गया है.स्थानीय लोगों पर वसूली का आरोप गलत
बस्ती की शशिकला साहनी सहित कई महिलाओं ने कहा कि कच्ची सड़क रोकने पर कुछ लोगों ने स्थानीय तृणमूल नेता शंकर राय एवं विक्की शर्मा पर वसूली का झूठा आरोप लगा कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया था. जो गलत है शंकर राय बस्ती के लोगों के सुविधा देने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं.नगर निगम का पक्ष
पुल मरम्मत की मांग पर दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक मंडली सदस्य धर्मेंद्र यादव ने कहा कि बस्ती के लोगों का आवेदन मिला है. कोई भी कार्य के लिए समय लगता है टेंडर प्रक्रिया के तहत तमला पुल मरम्मत का प्रयास किया जाएगा. जल्द ही बोर्ड मीटिंग में इस विषय पर चर्चा की जायेगी. उम्मीद है कि चासी पाड़ा के लोगो का समस्या समाधान हो जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




