रानीगंज : भारी बारिश में ढहा पंचायत सदस्य का घर

यहां एक मौजूदा पंचायत सदस्य सोमेन बाउरी का मिट्टी का घर ढह गया, जिससे उनका पूरा परिवार बाल-बाल बचा.
इंदिरा आवास योजना से अब तक नहीं मिला पक्का मकान, ग्रामीणों में आक्रोश
रानीगंज.लगातार हो रही भारी बारिश से शनिवार देर रात रानीगंज के बल्लभपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत बक्तानगर गांव के झोरे कुली बाउरी पाड़ा इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ. यहां एक मौजूदा पंचायत सदस्य सोमेन बाउरी का मिट्टी का घर ढह गया, जिससे उनका पूरा परिवार बाल-बाल बचा.घटना के समय सोमेन बाउरी अपनी पत्नी शकुंतला, बेटे और बेटी के साथ घर में सो रहे थे. रात लगभग साढ़े बारह बजे अचानक घर की दीवार और छत गिर गयी. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में शौचालय भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई घरेलू सामान मलबे में दब गये.
ग्रामीणों में नाराजगी, प्रशासन से त्वरित राहत की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलता है जिनके सत्ता पक्ष से संबंध अच्छे हैं, जबकि जरूरतमंदों को दरकिनार कर दिया जाता है. गांव में आज भी अधिकांश लोग कच्चे मकानों में रह रहे हैं, जो बारिश के चलते गंभीर खतरे में हैं. शनिवार की घटना के बाद सोमेन बाउरी का परिवार बेघर हो गया है. ग्रामीणों की मांग है कि परिवार के लिए अस्थायी रूप से किसी स्कूल या क्लब में रहने की व्यवस्था की जाये.
अब तक नहीं मिला पक्का मकान, राजनीति बनी बाधा?
सोमेन बाउरी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में इंदिरा आवास योजना के तहत पक्के मकान के लिए आवेदन किया था, जब वे पंचायत सदस्य भी नहीं थे. उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज जमा किये थे, फिर भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उनका आरोप है कि चूंकि वे माकपा से निर्वाचित सदस्य हैं और सत्ताधारी दल से नहीं जुड़े हैं, इसलिए उन्हें जानबूझकर वंचित रखा गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




