दोहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस लॉकअप से फरार
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
भातार थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को लिया था रिमांड पर पानागढ़: दोहरे हत्याकांड का आरोपी व पुलिस रिमांड पर आया जिया मल्लिक भातार थाना के लॉकअप से फरार हो गया. पुलिस अधीक्षक कुणाल अग्रवाल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच का आदेश दिया है. एक सहायक अवर निरीक्षक […]
विज्ञापन
भातार थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को लिया था रिमांड पर
पानागढ़: दोहरे हत्याकांड का आरोपी व पुलिस रिमांड पर आया जिया मल्लिक भातार थाना के लॉकअप से फरार हो गया. पुलिस अधीक्षक कुणाल अग्रवाल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच का आदेश दिया है. एक सहायक अवर निरीक्षक व दो कांस्टेबल को शोकॉज किया गया है.
इधर, आरोपी के फरार होने की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों ने थाने में जमकर हंगामा किया. उनका आरोप था कि थानेदार ने जानबूझ कर आरोपी को भागने का मौका दिया है. उन्हें नियंत्रित करने के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ जमकर संघर्ष हुआ. पथराव में एक महिला पुलिसकर्मी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. पुलिस बल ने लाठीचार्ज किया. हंगामा करने व सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में एक दर्जन ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है. क्षेत्र में भारी तनाव है.
पुलिस सूत्रों ने कहा कि थाना क्षेत्र में बीते 19 जनवरी को शेख जहांगीर और शेख राजेश की हत्या की गयी थी. इस दोहरे हत्याकांड को लेकर काफी हंगामा हुआ था. काफी दिनों तक तनाव बना हुआ था. एक सप्ताह पहले पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोपी जिया मल्लिक को गिरफ्तार किया था. कोर्ट से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड में लिया गया था.
उसे थाना के लॉकअप में रखा गया था. मंगलवार की सुबह वह शौच के लिए बाथरूम गया. उस समय पहरे पर तैनात पुलिस कर्मी के अलावा उसकी सुरक्षा में कोई और नहीं था. काफी देर बीत जाने के बाद भी जब जिया बाथरूम से बाहर नहीं निकला तो पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ. ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल ने जब बाथरूम का लॉक तोड़कर देखा तो जिया फरार हो चुका था. शौचालय की खिड़की का ग्रिल टूटा हुआ था. इसकी सूचना मिलते ही थाने के पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी.
इधर, उसके फरार होने की खबर मृतक शेख राजेश के परिजनों व इलाके के निवासियों को मिल गयी. सैकड़ों की संख्या में वे थाने के समक्ष जमा होकर हंगामा करने लगे. उनका आरोप था कि थाना पुलिस के अधिकारियों ने जान बूझ कर जिया मल्लिक को फरार होने का मौका दिया. उनका कहना था कि दोहरे हत्याकांड के आरोपी की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारी इतना उदासीन कैसे हो सकते हैं.
उन्होंने जिया की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उनके हंगामे के कारण थाने में तनाव बढ़ने लगा तथा ग्रामीणों व पुलिस कर्मियों में संघर्ष शुरू हो गया. ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया. इसमें महिला पुलिसकर्मी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. स्थिति नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया तथा हंगामा करने व सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में एक दर्जन ग्रामीणों को हिरासत में लिया.
दूसरी ओर, पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने इस मामले की जांच का आदेश दिया है. जिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों की टीम सभी संभावित स्थलों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि शीघ्र ही उसे पुन: गिरफ्तार कर लिया जायेगा. इधर इस मामले में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) व दो कांस्टेबल को शोकॉज किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










