कल कूचबिहार आयेंगी सीएम, रासमेला मैदान में होगी जनसभा, मंत्री व अफसरों ने देखी तैयारी
Updated at : 28 Oct 2018 9:11 AM (IST)
विज्ञापन

14 करोड़ में बने ‘उत्सव’ ऑडिटोरियम का करेंगी उद्घाटन कूचबिहार : ‘उत्सव’ के रूप में कूचबिहार को एक नया सांस्कृतिक केंद्र मिलने जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी सोमवार को करने जा रही हैं. इस शानदार ऑडिटोरियम का नाम मुख्यमंत्री ने खुद रखा है. कूचबिहार डीएम कार्यालय के पास 14 करोड़ रुपये […]
विज्ञापन
14 करोड़ में बने ‘उत्सव’ ऑडिटोरियम का करेंगी उद्घाटन
कूचबिहार : ‘उत्सव’ के रूप में कूचबिहार को एक नया सांस्कृतिक केंद्र मिलने जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी सोमवार को करने जा रही हैं. इस शानदार ऑडिटोरियम का नाम मुख्यमंत्री ने खुद रखा है. कूचबिहार डीएम कार्यालय के पास 14 करोड़ रुपये की भारीभरकम लागत से बना यह ऑडिटोरियम पूरी तरह वातानुकूलित (एसी) है.
इसमें 570 दर्शकों के बैठने के लिए सीटें हैं. इसके अलावा अतिथि भवन और कॉन्फ्रेन्स हॉल भी है. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी की जा रही हैं. रासमेला मैदान में जहां मुख्यमंत्री की जनसभा होगी वहां मंच निर्माण व अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं. हेलीपैड का निर्माण अस्थायी रूप से एमजेएन स्टेडियम में किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बारे में उत्तर बंगाल विकास मंत्री रवींद्रनाथ घोष ने बताया कि ममता बनर्जी सोमवार को ऑडिटोरियम के उद्घाटन के साथ ही प्रशासनिक बैठक करेंगी.
अगले दिन मंगलवार को वह रासमेला मैदान में एक जनसभा मंच के माध्यम से विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों को उन्हें मिलनेवाले लाभ प्रदान करेंगी. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन दिन-रात तैयारियों में लगा है. शनिवार को भी मंत्री रवींद्रनाथ घोष और जिला पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने उत्सव ऑडिटोरियम, रासमेला मैदान में तैयारियों का मुआयना किया.
कूचबिहार नगरपालिका भी शहर को साफ-सुथरा करने में जुटी हुई है. मुख्यमंत्री जिन रास्तों से गुजरेंगी उन रास्तों को खास तौर पर चमकाया जा रहा है. सड़कों के किनारे फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की देखरेख खुद नगरपालिका चेयरमैन कर रहे हैं. सुरक्षा की दृष्टि से शहर के सभी महत्वपूर्ण रास्तों पर नाका चेकिंग लगा दी गयी है.
राजनैतिक हलकों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा कूचबिहार सदर और दिनहाटा महकमा इलाकों में चल रही पार्टी में गुटबाजी पर विशेष रूप से केंद्रित रहेगा. उल्लेखनीय है कि इन इलाकों में पंचायत चुनाव के समय से ही तृणमूल कांग्रेस और उसके युवा संगठन के बीच हिंसक टकराव चल रहा है. मुख्यमंत्री जिले के पार्टी नेताओं के साथ बैठकर इस टकराव को खत्म कराने का प्रयास करेंगी.
हेलीपैड निर्माण पर विपक्ष ने उठाये सवाल
मुख्यमंत्री के आगमन के लिए कूचबिहार शहर के एमजेएन स्टेडियम में अस्थायी हैलीपैड बनाया जा रहा है. इस पर कूचबिहार नगरपालिका में विपक्ष के नेता महानंद साहा ने सवाल उठाया है. उनका कहना है कि कूचबिहार शहर में पहले से एयरपोर्ट है, ऐसे में भारीभरकम राशि खर्च करके अस्थायी हेलीपैड बनाने का क्या तुक है.
शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चे एमजेएन स्टेडियम में खेलते हैं. स्टेडियम को हेलीपैड बनाने के लिए क्यों चुना गया, यह उनकी समझ से बाहर है. उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में शहरवासी पैसों की इस बर्बादी का जवाब सत्तारूढ़ दल को देंगे.
दिनहाटा अस्पताल के ब्लड बैंक का करेंगी उद्घाटन
दिनहाटा : मुख्यमंत्री की कूचबिहार यात्रा के दौरान ही दिनहाटा महकमा अस्पताल में ब्लड बैंक शुरू होने जा रहा है. मंगलवार को कूचबिहार शहर के रासमेला मैदान से ही वह इसका उद्घाटन करेंगी. यह जानकारी दिनहाटा महकमा अस्पताल के अधीक्षक डॉ रंजीत मंडल ने दी.
इस खबर से इलाके के लोग उत्साहित हैं. अब उन्हें रक्त की व्यवस्था के लिए 25 किलोमीटर दूर कूचबिहार शहर नहीं जाना होगा. उल्लेखनीय कि ममता सरकार के सत्ता में आने के बाद इस ब्लड बैंक का काम शुरू हुआ था. काम लगभग पूरा हो चुका है. ब्लड बैंक चलाने के लिए केंद्र सरकार से मिलनेवाला लाइसेंस राज्य के स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंच गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




