समान सोचवाली पार्टियों को सत्ता पर काबिज होने की जरूरत : ममता
कोलकाता/अगरतला: कांग्रेस को ‘कोमा’ में और भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने में नाकाम करार देते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि वक्त की मांग है कि ‘एक जैसी सोच रखनेवाली ताकतें’ केंद्र की सत्ता पर काबिज हों. वाम मोरचा शासित त्रिपुरा में संसदीय चुनावों के […]
कोलकाता/अगरतला: कांग्रेस को ‘कोमा’ में और भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने में नाकाम करार देते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि वक्त की मांग है कि ‘एक जैसी सोच रखनेवाली ताकतें’ केंद्र की सत्ता पर काबिज हों.
वाम मोरचा शासित त्रिपुरा में संसदीय चुनावों के लिए अपनी पार्टी के अभियान की शुरुआत करते हुए ममता ने कहा : राष्ट्रीय परिदृश्य में कांग्रेस कोमा में है और भाजपा अकेले सरकार बना नहीं सकती. लिहाजा, हमें एक जैसी सोच रखनेवाली ताकतों को एकजुट करना है और केंद्र की सत्ता पर काबिज होना है. झारखंड पीपुल्स पार्टी के साथ सोमवार को हुए अपने गंठबंधन की ओर इशारा करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा : छोटे मित्रों के साथ लड़ाई लड़ते हुए हमें अपने लक्ष्य को पाना है. उन्होंने कहा : तृणमूल कांग्रेस निश्चित तौर पर केंद्र में एक निर्णायक ताकत होगी और हमें लोगों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र की सत्ता पर कब्जा करना है. आंध्र प्रदेश के बंटवारे की आलोचना करते हुए ममता ने कहा कि यह इस वजह से संभव हुआ, क्योंकि कांग्रेस और भाजपा मिली हुई थी. ममता ने कहा : उन्होंने गुट बनाकर आंध्र प्रदेश को बांट दिया, जबकि हमने विरोध किया था. उन्हें कुछ स्वायत्तता दी जा सकती थी, पर किसी राज्य को बांटना अन्यायपूर्ण है.
कांग्रेस-भाजपा-माकपा के बीच त्रिकोणीय प्रेम का आरोप
‘कुशासन’ की वजह से पश्चिम बंगाल में वाम मोरचा का ‘बोरिया बिस्तर बंधने’ का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि त्रिपुरा में भी ऐसा ही होगा. ममता ने कहा : बंगाल में परिवर्तन के बाद अब त्रिपुरा में बदलाव का समय है. मैंने आज यहां की मिट्टी से अभियान की शुरुआत की है. कृपया हमें खारिज मत कीजिए. कांग्रेस, भाजपा और माकपा के बीच ‘गंठजोड़’ का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि तीनों दलों के बीच ‘त्रिकोणीय प्रेम’ है.
उन्होंने लोगों का कुछ भला नहीं किया. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार की तरफ इशारा करते हुए ममता ने कहा कि उन्होंने हर तीन महीने पर त्रिपुरा का दौरा करने का फैसला किया है. ममता ने कहा : वह (सरकार) हमें परेशान करने के लिए बंगाल जाते हैं. अब मैंने हर तीन महीने पर त्रिपुरा के दौरे का फैसला किया है, ताकि यहां के लोगों से बातचीत कर सकूं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










