ऑनलाइन टिचिंग के नाम पर ठगी
कोलकाता: विदेश में रहनेवाले छात्रों का शिक्षक बन कर उन्हें ऑनलाइन पढ़ाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को साइबर क्राइम थाने की टीम ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के नाम शौरीष घोष (28) और नंदिता बोस (42) है. दोनों को दक्षिण कोलकाता के यादवपुर इलाके के रिजेंट स्टेट […]
कोलकाता: विदेश में रहनेवाले छात्रों का शिक्षक बन कर उन्हें ऑनलाइन पढ़ाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को साइबर क्राइम थाने की टीम ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के नाम शौरीष घोष (28) और नंदिता बोस (42) है. दोनों को दक्षिण कोलकाता के यादवपुर इलाके के रिजेंट स्टेट व शुकांत पल्ली से गिरफ्तार किया गया. बुधवार को उन्हें अदालत में पेश करने पर 30 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
कैसे किया ठगी
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पल्लव कांति घोष ने बताया कि एनएस रोड की रहनेवाली देबारती बनर्जी (27) ने इंटरनेट में ऑनलाइन ट्यूटर नामक एक कंपनी का विज्ञापन देख कर यहां जॉब के लिए आवेदन किया था. यहां विदेशों में रहने वाले छात्रों को पढ़ाने की नौकरी के लिए विज्ञापन दिया गया था. योग्यता के हिसाब से ऑनलाइन परीक्षा पास करने के बाद विदेशी छात्रों को पढ़ाने की नौकरी मिलने की बात भी विज्ञापन में लिखी गयी थी.
इसे देखकर देबारती ने शिक्षक बनने के लिए यहां आवेदन किया. आवेदन के बाद उससे ऑनलाइन परीक्षा ली गयी, जिसे उसने पास कर ली. जिसके बाद उसे विदेशी छात्रों को पढ़ाने के बदले उसे 20 हजार से ज्यादा तनख्वाह देने का प्रलोभन दिया गया. देबारती का आरोप है कि परीक्षा पास करने के बाद उससे पढ़ाई के पहले इस कंपनी से 10 हजार 226 रुपये में एक ऑनलाइन किट लेने को कहा गया. जिसमें वेबकैम, डिजीटल पेन, डिजीटल पैड, माइक्रोफोन और कंपनी का सॉफ्टवेयर शामिल था.
रुपये देने के बावजूद नहीं मिली नौकरी
देबारती ने बताया कि इस किट के लिए कंपनी की तरफ से दत्ता कंसल्टेंसी के बैंक खाते में उसने रुपये भी जमा करवा दिये. जिसके बावजूद उसे पढ़ाने की कोई नौकरी नहीं मिली. जिसके बाद उसने काफी बार कंपनी से इसकी जानकारी मांगी लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गयी. अंत में गत 27 जुलाई को उसने साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी. जिसके बाद पुलिस को जांच में यादवपुर के रिजेंट स्टेट में इस कंपनी के पते की जानकारी मिली. वहां से शौरीष और नंदिता को गिरफ्तार कर लिया. दोनों ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि इंटरनेट में नकली वेबसाइट तैयार कर इसके पहले भी सैकड़ों लोगों को विदेशी छात्रों का शिक्षक बनाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की ठगी की है. इस मामले में दोनों के साथ और कौन शामिल है इसकी जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










