मालदा : कांग्रेस पर तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या का आरोप, गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम
Author :Prabhat Khabar Digital Desk
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Updated at :09 Jun 2018 3:40 AM
विज्ञापन

मालदा : पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हिंसा का सिलसिला अब भी जारी है. हरिश्चंद्रपुर में एक तृणमूल कार्यकर्ता की सरेराह धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी. हत्या का आरोप कांग्रेस संरक्षित बदमाशों पर लगा है. गुरुवार शाम यह घटना चांचल महकमा के हरिश्चंद्रपुर थाने के मालीओर गांव में घटी. रात में ही तृणमूल […]
विज्ञापन
मालदा : पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हिंसा का सिलसिला अब भी जारी है. हरिश्चंद्रपुर में एक तृणमूल कार्यकर्ता की सरेराह धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी. हत्या का आरोप कांग्रेस संरक्षित बदमाशों पर लगा है. गुरुवार शाम यह घटना चांचल महकमा के हरिश्चंद्रपुर थाने के मालीओर गांव में घटी. रात में ही तृणमूल कार्यकर्ता को मालदा मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने पुलिस से मुलाकात की. उनका आरोप है कि पंचायत चुनाव में तृणमूल के लिए प्रचार करने के कारण उनके कार्यकर्ता की हत्या की गयी है. चांचल के एसडीपीओ सजलकांति विश्वास ने बताया कि संबंधित थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की तलाश की जा रही है.
सूत्रों ने बताया कि मृतक का नाम अलाउद्दीन शेख (55) है. इलाके में उसकी पहचान तृणमूल कार्यकर्ता के रूप में थी. उसने पंचायत चुनाव में मालिओर-1 ग्राम पंचायत से तृणमूल प्रत्याशी रेहाना परवीन के लिए प्रचार किया था. हालांकि यहां से कांग्रेस के अनिल मंडल विजयी रहे. तभी से इलाके के तृणमूल समर्थकों पर हमले व जान से मारने की धमकी की घटनाएं घट रही थीं.
पुलिस के पास दर्ज करायी गयी शिकायत में मृतक के परिवार ने बताया कि गुरुवार शाम को काम निपटाकर घर लौटते समय कांग्रेस कार्यकर्ता सईदुर अली और उसके दलबल ने अलाउद्दीन का रास्ता रोक लिया. इसके बाद उस पर हमला शुरू कर दिया. उस पर हंसिया से कई वार किये गये. गहरे जख्म होने की वजह से अलाउद्दीन की मौत हो गयी. इसके बाद बदमाश हवा में गोलियां चलाते हुए भाग निकले.
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने रात में ही कुछ समय के लिए राज्य सड़क को जाम कर दिया. पार्टी कार्यकर्ता की मौत की खबर पाकर जिला युवा तृणमूल अध्यक्ष अम्लान भादुड़ी मालदा मेडिकल कॉलेज पहुंचे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संरक्षित बदमाश इस तरह की घिनौनी राजनीति कर रहे हैं. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो. वहीं, कांग्रेस के जिला महासचिव नरेंद्रनाथ तिवारी ने इस घटना को तृणमूल की आपसी गुटबाजी का नतीजा बताया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










