उत्तराखंड में मार्च की सबसे भारी बर्फबारी, केदारनाथ में 4 फीट और बदरीनाथ में 2 फीट बर्फ

उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, फोटो- पीटीआई
Heavy Snowfall: उत्तराखंड में मार्च की सबसे भारी बर्फबारी दर्ज की गई है. केदारनाथ में 4 फीट और बदरीनाथ में 2 फीट तक बर्फ गिरी, जबकि मैदानी इलाकों में लगातार बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है.
Heavy Snowfall: उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और बदरीनाथ, केदारनाथ समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मैदानी और निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश से तापमान में तेज गिरावट आई. मौसम विभाग के मुताबिक, यह हाल के वर्षों में मार्च महीने की सबसे भारी बर्फबारी मानी जा रही है. राज्य के विभिन्न हिस्सों से मिली जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और औली समेत कई ऊंचाई वाले स्थानों पर दिनभर भारी हिमपात हुआ.
भारी बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट
रुद्रप्रयाग जिला आपदा केंद्र के अनुसार, शुक्रवार शाम तक केदारनाथ धाम में करीब 4 फीट बर्फ गिर चुकी थी और देर शाम तक भी बर्फबारी जारी रही. वहीं, चमोली जिला प्रशासन ने बताया कि ऊंचाई वाले सभी इलाकों में बर्फ जम गई है और बदरीनाथ धाम में शाम तक करीब 2 फीट बर्फ दर्ज की गई. दूसरी ओर, देहरादून, हरिद्वार और अन्य मैदानी इलाकों में गुरुवार शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी पूरे दिन जारी रही, जिससे ठंडक और बढ़ गई. लगातार बारिश के चलते दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई.
सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा
देहरादून मौसम केंद्र के मुताबिक, देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 11 डिग्री कम और गुरुवार के मुकाबले करीब 10 डिग्री कम रहा. इसके अलावा पंतनगर में 22 डिग्री, टिहरी में 8.4 डिग्री और मुक्तेश्वर में 7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट
मौसम विभाग ने पहले ही शुक्रवार के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई थी. विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश, भारी बर्फबारी, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया था.
शनिवार को कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार सुबह तक मौसम में सुधार होने की संभावना है. हालांकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में 26 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर रुक-रुक कर जारी रह सकता है. (इनपुट भाषा)
Also Read: राजस्थान मौसम: कई इलाकों में बारिश और तेज हवा, 21-22 मार्च को फिर करवट लेगा मौसम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




