कंधे पर बस्ता, सामने टूटी पुलिया, सोनभद्र में बारिश से बच्चों की स्कूल राह बनी मुश्किल
टूटी पुलिया पार कर स्कूल जाते बच्चे
सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सिरसोती और डोडहर क्षेत्र में कई पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित है. स्कूल जाने वाले बच्चों को टूटी पुलिया और तेज बहाव से गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
UP News: सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. ग्राम सभा सिरसोती और डोडहर के मोखना-डूमरचुवा क्षेत्र में कई पुलिया तेज बारिश और पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गईं. इससे सिरसोती-डोडहर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है और स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के तेज बहाव ने स्कूल की राह रोक दी, बच्चों को हर दिन पढ़ाई तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं.
बच्चों की स्कूल राह बनी मुश्किल
बारिश के तेज बहाव से सड़क का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिया टूटने और रास्ता खराब होने से स्कूल जाने वाले बच्चों की मुश्किलें सबसे ज्यादा बढ़ गई हैं. कंधों पर बस्ता लेकर बच्चों को टूटी पुलिया और तेज बहाव वाले रास्ते से गुजरना पड़ रहा है. कई जगह पानी का बहाव इतना तेज है कि बच्चों के लिए रास्ता पार करना जोखिम भरा हो गया है.
ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
सिरसोती और डोडहर क्षेत्र के लोगों के लिए यह मार्ग आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है. मार्ग बाधित होने से ग्रामीणों के साथ बच्चों की स्कूल तक पहुंच भी प्रभावित हुई है. बारिश जारी रहने की स्थिति में परेशानी और बढ़ने की आशंका है.
पीडब्ल्यूडी टीम ने किया निरीक्षण
मार्ग क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद पीडब्ल्यूडी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने प्रभावित हिस्सों का जायजा लिया और जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है.
जल्द राहत की उम्मीद
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की ओर से जल्द अस्थायी रास्ते की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आवागमन दोबारा शुरू हो सके. फिलहाल बारिश और तेज बहाव के बीच लोगों को सावधानी से आवाजाही करने की सलाह दी जा रही है.
Also Read: यूपी में निकली असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती, आज से शुरू हुआ आवेदन, जानिए प्रक्रिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










