ePaper

अखिलेश का शाह पर तंज, कहा- ‘मैंने मजदूर की जाति नहीं पूछी थी''

Updated at : 31 May 2016 1:50 PM (IST)
विज्ञापन
अखिलेश का शाह पर तंज, कहा- ‘मैंने मजदूर की जाति नहीं पूछी थी''

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच वाराणसी के एक गांव में दलितों के साथ भोजन करने जा रहे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तंज करते हुए आज कहा कि संदेश देने के लिये खुद उन्होंने भी मजदूरों के साथ खाना खाया था, लेकिन उनकी जाति […]

विज्ञापन

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच वाराणसी के एक गांव में दलितों के साथ भोजन करने जा रहे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तंज करते हुए आज कहा कि संदेश देने के लिये खुद उन्होंने भी मजदूरों के साथ खाना खाया था, लेकिन उनकी जाति नहीं पूछी थी.

अखिलेश ने राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा कि चुनावी मौसम में संदेश देने के लिये कई तरह के काम किये जाते हैं लेकिन पार्टियों को काम के आधार पर जनता के बीच जाना चाहिये, जाति या वर्ग के आधार पर नहीं.

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश में चुनाव आ रहा है. चुनाव में संदेश देना है तो स्नान भी करेंगे. संदेश देना है तो मजदूर भाइयों के साथ भी खाना खाना है. हमने भी मजदूराें के साथ खाना खाया है, लेकिन बगल में बैठी औरत की जाति नहीं पूछी थी. हम जाति वर्ग के आधार पर चीजों को नहीं देखते. जनता में काम के आधार पर जाना चाहिये, उपलब्धियों के आधार पर जाना चाहिये. यह हमारा लोकतंत्र है, संविधान है.”

मालूम हो कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होने के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के जोगियापुर गांव में दलित परिवारों के साथ भोजन करेंगे. उनके इस कदम को आगामी चुनाव में दलितों को लुभाने की कोशिश माना जा रहा है.

प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्तारुढ़ सपा के तीसरे स्थान पर खिसकने के आकलन वाले सर्वे के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में सियासी माहौल परवान चढ़ रहा है, सपा जमीन पर है. उसके मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने गांव-शहर में साइकिल चलायी है. गांव में पार्टी का प्रचार भी हुआ. अब लोग नंबर गेम कर रहे हैं. मैं सर्वे की कोई परवाह नहीं करता. सचाई यह है कि जनता जब तुलना करेगी, तो समाजवादियों के काम सभी पर भारी पड़ेंगे.

उत्तर प्रदेश में शराबबंदी के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘मैं कहूंगा कि किसी को भी शराब नहीं पीना चाहिये. मैं मीडिया माध्यम से अपील कर रहा हूं कि कोई भी व्यक्ति शराब ना पिये. शराबबंदी उत्तर प्रदेश के लिये एक विषय बड़ा है. इसके लिये विचार करना होगा. हम तो चाहेंगे कि कोई भी शराब ना पिये.

मंत्रिपरिषद की बैठक में लिये गये फैसलों में से कुछ का जिक्र करते हुए अखिलेश ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने वाराणसी में मेट्रो रेल परियोजना का काम आगे बढ़ाने का निर्णय किया है. इसके लिये केंद्र को जल्द ही सिफारिश भेजी जाएगी. यह मेट्रो रेल पथ 29 किलोमीटर का होगा.

उन्होंने बताया कि मंत्रिपरिषद् ने हमीरपुर जिले में आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देकर उसे पहला मॉडल जिला बनाने का निर्णय किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने ऑनलाइन खरीदारी पर भी कर लागू करने का फैसला किया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola