BJP के पूर्व सांसद चिन्मयांनद से SIT ने की सात घंटे पूछताछ, छात्रा ने लगाया है बलात्कार का आरोप, वीडियो वायरल

Updated at : 13 Sep 2019 10:03 AM (IST)
विज्ञापन
BJP के पूर्व सांसद चिन्मयांनद से SIT ने की सात घंटे पूछताछ, छात्रा ने लगाया है बलात्कार का आरोप, वीडियो वायरल

शाहजहांपुर : पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा के पूर्व सांसद चिन्मयानंद से विशेष जांच दल (एसआईटी) की टीम ने गुरुवार को करीब सात घंटे तक कड़ी पूछताछ की और उनके शयन कक्ष को सील कर दिया. यहां चर्चा कर दें कि एक छात्रा ने चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाया है. पीड़िता का […]

विज्ञापन

शाहजहांपुर : पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा के पूर्व सांसद चिन्मयानंद से विशेष जांच दल (एसआईटी) की टीम ने गुरुवार को करीब सात घंटे तक कड़ी पूछताछ की और उनके शयन कक्ष को सील कर दिया. यहां चर्चा कर दें कि एक छात्रा ने चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाया है. पीड़िता का दावा है कि उसके कई बार गुहार लगाने के बावजूद उत्तर प्रदेश की पुलिस ने न तो प्राथमिकी दर्ज की और न ही आरोपी से पूछताछ की.

पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री चिन्मयानंद के अधिवक्ता ओम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार की शाम छह बजकर 20 मिनट पर पुलिस लाइन स्थित एसआईटी के अस्थाई कार्यालय में चिन्मयानंद से पूछताछ शुरू की गयी जो रात करीब एक बजे तक चली. सिंह ने बताया कि एसआईटी की टीम कड़ी सुरक्षा में चिन्मयानंद को उनके आवास ‘दिव्य धाम’ लेकर गयी और उनके शयन कक्ष का मुआयना किया. रात अधिक होने के कारण शयन कक्ष सील कर दिया गया.

संभावना है कि शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम के विशेषज्ञ शयन कक्ष की जांच करेंगे. सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि एसआईटी ने चिन्मयानंद से जांच चलने तक शहर छोड़ कर बाहर ना जाने को कहा है. चिन्मयानंद के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. इससे पहले गुरुवार को पीड़िता के कॉलेज के प्रधानाचार्य तथा पीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य से एसआईटी की टीम ने पूछताछ की.

वहीं दूसरी और पीड़िता ने एसआईटी को एक पत्र देकर शारीरिक शोषण और दुष्कर्म का मामला दर्ज करने की मांग की है. सोशल मीडिया पर चिन्मयानंद का कथित तौर पर मालिश कराने का वीडियो वायरल हो रहा है.

प्रियंका गांधी हुई हमलावर
भाजपा के पूर्व सांसद स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ बलात्कार के आरोप को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या आरोपी का संबंध भाजपा से होने के कारण राज्य की पुलिस सुस्त है? प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि यूपी की भाजपा सरकार ने अपनी हरकतों से साफ कर दिया है कि उसका महिला सुरक्षा से कोई वास्ता नहीं. उन्होंने सवाल किया कि आखिर क्यों शिकायतकर्ता लड़की को दोबारा प्रेस के सामने सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ रही है? आखिर उत्तर प्रदेश की पुलिस सुस्त क्यों है? क्योंकि आरोपी का संबंध भाजपा से है ?

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर तंज
कांग्रेसप्रवक्ता रागिनी नायक ने गत मंगलवार को यह सवाल किया कि लड़की के बार-बार गुहार लगाने के बावजूद चिन्मयांनद से पूछताछ और उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं की गयी ? उन्होंने पीड़ित छात्रा के बयान से जुड़ा वीडियो दिखाते हुए संवाददाताओं से कहा कि भाजपा कहती है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ. लेकिन उत्तर प्रदेश में बेटियों के खिलाफ बलात्कार और उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं. उन्नाव और चिन्मयानंद मामले मोदी सरकार और योगी सरकार की संवेदनहीनता को दिखाते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola