ePaper

गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनावों पर जमी हैं सबकी निगाहें

Updated at : 24 Sep 2017 1:55 PM (IST)
विज्ञापन
गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनावों पर जमी हैं सबकी निगाहें

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद अब गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनावों पर सबकी निगाहें जमी हैं. भाजपा का दावा है कि वह दोनों लोकसभा सीटों पर कब्जा बरकरार रखेगी और जीत का अंतर सुधरेगा हालांकि भाजपा के राजनीतिक […]

विज्ञापन

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद अब गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनावों पर सबकी निगाहें जमी हैं. भाजपा का दावा है कि वह दोनों लोकसभा सीटों पर कब्जा बरकरार रखेगी और जीत का अंतर सुधरेगा हालांकि भाजपा के राजनीतिक विरोधी 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले इन दो सीटों के उपचुनाव को नये अवसर के रुप में ले रहे हैं.

भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने 2017 के विधानसभा चुनाव में 325 सीटों पर जीत दर्ज की है. उत्तर प्रदेश विधानसभा में 403 सीटें हैं. पार्टी के भीतर के लोगों की मानें तो दोनों ही लोकसभा सीटें भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं. गोरखपुर में पार्टी का 1991 से दबदबा रहा है जबकि फूलपुर सीट पर भाजपा ने पहली बार जीत दर्ज की. फूलपुर सीट कांग्रेस के बर्चस्व वाली मानी जाती थी, लेकिन 2014 में मौर्य यहां से चुनाव जीते थे.

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी गोरखपुर और फूलपुर में फिर विजयी होगी और इस बार जीत का अंतर भी सुधरेगा. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता को पिछले तीन साल के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों का पता है. उसे यह भी पता है कि छह महीने के अल्प समय में उत्तर प्रदेश सरकार ने क्या कुछ किया है. विरोधी दल भी दोनों सीटों के उपचुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई मानकर चल रहे हैं.

त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के बूते दोनों सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कल पार्टी के प्रांतीय अधिवेशन में कहा था कि अगर उपचुनाव के नतीजे सपा के पक्ष में आये तो इससे 2019 के लोकसभा चुनावों तथा 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जनता में मजबूत संदेश जायेगा.

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाषा से कहा कि जनता के सामने भाजपा की पोल खुल चुकी है और बदलाव की शुरुआत गोरखपुर एवं फूलपुर लोकसभा उपचुनाव से हो जायेगी. भाजपा के दावे पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अशोक सिंह ने कहा कि गोरखपुर से ही बदलाव की बयार शुरू होगी. जनता ने केंद्र के तीन वर्ष और प्रदेश सरकार के छह माह के कार्य को देखा है. जनता बदलाव चाहती है.

फूलपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु और कांग्रेस नेता विजय लक्ष्मी पंडित करती रही थीं. इस सीट पर सपा और बसपा भी जीत दर्ज कर चुकी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1998 से ही गोरखपुर लोकसभा सीट पर जीत का सिलसिला बनाये हुए थे.

ये भी पढ़ें…. भाजपा में दलित, ओबीसी हमेशा ही आरएसएस के बंधुआ मजदूर बने रहेंगे : मायावती

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola