कानपुर के बाग में मिली गर्भवती युवती की लाश, दो युवकों से जुड़ा तार, मौत के बाद खुलेगा बच्चे के पिता का सच!

Updated:
विज्ञापन

गर्भ में किसका बच्चा? डीएनए खोलेगा राज

UP Crime News: कानपुर के घाटमपुर में आम के बाग से छह माह की गर्भवती युवती का शव मिला। दो युवकों से प्रेम संबंध और शादी से इनकार के बाद युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। अब डीएन�� जांच से बच्चे के पिता की पहचान की जाएगी।

विज्ञापन

UP Crime News: कानपुर के घाटमपुर में आम के बाग से मिली छह माह की गर्भवती युवती की मौत का मामला उलझता जा रहा है. पुलिस जांच में उसके दो युवकों से लगातार संपर्क की बात सामने आई. युवती के गर्भवती होने के बाद दोनों ने शादी से इनकार कर दिया था. इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर एक युवक उसे हैलट अस्पताल ले गया, लेकिन उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को पतारा के पास आम के बाग में छोड़ दिया गया. अब पुलिस डीएनए जांच से यह पता लगाएगी कि गर्भ में पल रहे बच्चे का पिता कौन था.

आम के बाग में मिला था युवती का शव

मामला घाटमपुर के पतारा कस्बे का है. गुरुवार 13 अगस्त की सुबह कस्बे से करीब 500 मीटर दूर आम के बाग में एक युवती का शव मिला था. शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. युवती के मुंह से झाग निकल रहा था. इससे जहरीला पदार्थ खाने या खिलाए जाने का शक हुआ. पोस्टमार्टम में युवती के छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई. वह अविवाहित थी और कानपुर में रह रही थी.

मोबाइल की जांच में सामने आए दो नाम

पुलिस ने युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली. इसमें पतारा निवासी गोले पांडेय और फतेहपुर के जहानाबाद क्षेत्र के नरैनी निवासी प्रांजुल पाल के नंबर सामने आए. दोनों की युवती से पिछले कई वर्षों से लगातार बातचीत होती थी. शव मिलने से एक दिन पहले भी दोनों की उससे बात हुई थी. जांच में गोले की लोकेशन भी युवती के आसपास मिली.

पहले प्रांजुल पकड़ा गया, फिर गोले की गिरफ्तारी

युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की. पुलिस ने प्रांजुल पाल को हिरासत में लिया. इसके बाद दूसरे आरोपी गोले पांडेय की तलाश शुरू की गई. रविवार को पुलिस ने गोले को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया.

गोले बोला- ‘वह मेरी बहन जैसी थी’

पूछताछ में गोले ने युवती से प्रेम संबंध होने से साफ इनकार किया. उसने पुलिस को बताया कि युवती उसके बटाईदार की बेटी थी. वह उसे बहन की तरह मानता था और जरूरत पड़ने पर उसकी मदद करता था. गोले ने युवती की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाने की बात जरूर स्वीकार की.

जहरीला पदार्थ खाने के बाद बिगड़ी थी हालत

गोले के मुताबिक, युवती ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था. हालत बिगड़ने पर उसने उसे हैलट अस्पताल पहुंचाया. वहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई. गोले का दावा है कि वह शव को लेकर घर लौट रहा था. इसी दौरान एंबुलेंस चालक ने नशे की हालत में उसे बाग के पास उतार दिया और वहां से चला गया. इसके बाद वह शव को वहीं छोड़कर चला गया. हालांकि, युवती की तबीयत किस वजह से बिगड़ी थी, इस बारे में गोले ने कोई जानकारी होने से इनकार किया है.

शादीशुदा दिखाने के लिए पहनाई बिछिया, भरी मांग

थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया के अनुसार, युवती ने तबीयत खराब होने पर गोले और प्रांजुल दोनों को फोन किया था. प्रांजुल उसके पास नहीं गया. गोले उसे हैलट अस्पताल लेकर गया था. पुलिस के मुताबिक, युवती गर्भवती थी. इसलिए उसे शादीशुदा दिखाने के लिए गोले ने उसके पैरों में बिछिया पहनाई और मांग में सिंदूर भर दिया था. लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी.

गर्भवती होने के बाद दोनों ने शादी से कर दिया था इनकार

पुलिस की जांच में एक और अहम बात सामने आई है. युवती के मकान मालिक के अनुसार, गोले उसके घर आता-जाता था. पुलिस का कहना है कि गर्भवती होने के बाद युवती ने दोनों से शादी की बात कही थी. आरोप है कि दोनों ने शादी से इनकार कर दिया. इससे परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया.

डीएनए जांच से खुलेगा सबसे बड़ा राज

अब पुलिस की जांच का सबसे अहम सवाल यही है कि युवती के गर्भ में पल रहे बच्चे का पिता कौन था. इसके लिए डीएनए जांच कराई जाएगी. डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि बच्चे का पिता गोले पांडेय था या प्रांजुल पाल. इसी रिपोर्ट से मामले की जांच को आगे बढ़ाने में पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

Also Read: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में चंपत राय और अनिल मिश्रा को राहत, SIT की जांच रिपोर्ट में नहीं बने आरोपी


विज्ञापन
खुशी सिंह

लेखक के बारे में

By खुशी सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola