जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर एक्शन तय, राजभर बोले- 'बेचैन मत होइए, चलेगा बुलडोजर'

ओम प्रकाश राजभर और अखिलेश यादव (बुलडोजर एक्शन)
UP News: रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों पर ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी हुआ है. इस बीच यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. जानिए इस मामले की पूरी अपडेट.
UP News: जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है. रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की कार्रवाई के बीच प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है, इसलिए कुछ लोगों की बेचैनी स्वाभाविक है. वहीं दूसरी ओर जौहर यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने भी जरूरी कदम उठाए हैं.
ओपी राजभर ने एक्स पर साधा अखिलेश यादव पर निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जब कानून अपना काम करता है तो बेचैनी होना स्वाभाविक है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुआ, उसमें इस्तेमाल हुई जमीन और संसाधन किसके थे. उन्होंने दावा किया कि सरकारी संसाधनों का उपयोग किया गया, जबकि ट्रस्ट आजम खान ने बनाया. साथ ही उन्होंने टैक्स, सरकारी संसाधनों और नियुक्तियों को लेकर भी कई आरोप लगाए.
डबल इंजन सरकार में अवैध निर्माण पर होगी कार्रवाई
राजभर ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जो किया, उस पर किसी को भी शर्म आ सकती है. उन्होंने कहा कि अब जब कार्रवाई हो रही है तो कुछ लोगों की बेचैनी बढ़ रही है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह डबल इंजन की सरकार है और अवैध इमारतों पर बुलडोजर तो चलेगा ही. साथ ही उन्होंने लिखा कि पश्चाताप के समय बेचैन नहीं हुआ जाता, बल्कि आत्मग्लानि महसूस करनी चाहिए. पोस्ट के अंत में उन्होंने "जैसी करनी, वैसी भरनी" का जिक्र करते हुए जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण और जय महाराज सुहेलदेव का नारा भी लिखा.
38 इमारतों को लेकर जारी हुआ ध्वस्तीकरण नोटिस
रामपुर विकास प्राधिकरण ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को लेकर ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया है. प्राधिकरण का कहना है कि इन इमारतों का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के किया गया. नोटिस में संबंधित पक्ष को 15 दिनों के भीतर स्वयं कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, प्रशासन ने बनाया परामर्श केंद्र
जौहर यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं. ऐसे में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो और किसी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन ने उच्च शिक्षा विभाग के प्रोफेसरों की एक टीम गठित की है. यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर छात्र-छात्राओं के लिए परामर्श केंद्र भी बनाया गया है, जहां उन्हें उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है.
38 भवनों पर ध्वस्तीकरण का आदेश, सपा नेताओं ने कानूनी लड़ाई के लिए मांगा सहयोग
रामपुर जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ अब रामपुर विकास प्राधिकरण ने एक्शन लिया है, और यूनिवर्सिटी के 40 भवनों में से 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश भी पास किया गया बताया जा रहा है. साथ ही 38 भवनों को 15 दिन के भीतर खुद ही गिराने, यानी स्वयं ध्वस्तीकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं. उधर आजम खान की करीबी और सपा के नगर अध्यक्ष असीम राजा ने कहा कि मीडिया के जरिए रामपुर की आम जनता से एक अपील करना चाहते हैं कि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ जो साज़िश रचई जा रही है, वो आपके सामने है. रामपुर की जनता को, एक बड़ी लड़ाई के लिए और जौहर यूनिवर्सिटी की हिफाजत के लिए तैयार रहना चाहिए . इसी बीच पढ़े लिखे तबके और खास तौर पर एडवोकेट से भी मेरी विनती है कि वे यूनिवर्सिटी के सिलसिले में अपना पूरा सहयोग दें. असीम राजा ने आगे कहा कि रामपुर की बार एसोसिएशन से भी वे यह गुजारिश करेंगे कि यूनिवर्सिटी के मामले में जो भी कानूनी मदद संभव हो, वह अवश्य करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










