ब्रांडेड दवाओं के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़, लखनऊ में 4.37 लाख की संदिग्ध दवाएं जब्त

Updated:
विज्ञापन

लखनऊ में 4.37 लाख की संदिग्ध दवाएं जब्त

UP News: लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र में पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर नकली दवाओं के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. एक वैन से ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार की गईं 2,157 संदिग्ध दवाओं की बोतलें जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 4.37 लाख रुपये है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं.

विज्ञापन

UP News: लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त कार्रवाई में नकली दवाओं के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. किसान पथ स्थित मामपुर खड़ंजा मार्ग पर एक वैन से ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार की गई 2,157 संदिग्ध दवाओं की बोतलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.37 लाख रुपये बताई गई है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं. उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

विज्ञापन

गोपनीय सूचना पर की गई कार्रवाई

एफएसडीए के सहायक मंडल आयुक्त ब्रजेश यादव ने बताया कि विभाग को मिली सूचना के आधार पर बीकेटी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया. कार्रवाई के दौरान किसान पथ पर मामपुर खड़ंजा मार्ग से गुजर रही एक ओमनी वैन को रोककर उसकी तलाशी ली गई. वाहन में बड़ी मात्रा में दवाएं मिलीं, लेकिन चालक उनके संबंध में कोई वैध औषधि लाइसेंस, बिल या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद औषधि विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर विस्तृत जांच कराई गई.

तीन ब्रांड के नाम पर तैयार मिलीं हजारों बोतलें

ड्रग इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह, संदेश मौर्य, राहुल कुमार और अनीता कुरील ने बरामद दवाओं की जांच की. टीम ने Rubired 200 ml की 246 बोतलें, ALKASOL Sugar Free 100 ml की 1,063 बोतलें और Mucaine Gel 200 ml की 848 बोतलें बरामद कीं. कुल 2,157 बोतलों को 13 प्लास्टिक की बोरियों में सील कर सुरक्षित रखा गया है. बरामद दवाओं की कुल कीमत लगभग 4 लाख 37 हजार रुपये आंकी गई है.

कंपनी के मानकों से अलग मिले लेबल और सुरक्षा फीचर्स

प्राथमिक जांच में ALKASOL Sugar Free की बोतलों के लेबल, कैप, प्रिंटिंग, लोगो और अन्य सुरक्षा फीचर्स कंपनी के कंट्रोल सैंपल से मेल नहीं खाए. प्रारंभिक जांच में कंपनी के प्रतिनिधियों ने इन दवाओं को नकली बताया. वहीं Mucaine Gel के लेबल में भी कई तकनीकी खामियां पाई गईं. अन्य बरामद दवाओं के नमूने भी परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता और असलियत की पुष्टि की जा सके.

अमीनाबाद ले जाई जा रही थी दवाओं की खेप

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान माल थाना क्षेत्र निवासी 33 वर्षीय भूपेंद्र सिंह के रूप में हुई. उसने पुलिस को बताया कि बरामद दवाएं राज विक्रम सिंह और विनीत सिंह की हैं तथा वह उनके कहने पर यह खेप अमीनाबाद पहुंचाने जा रहा था. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली दवाओं का निर्माण कहां किया गया, उनका नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला है और इनकी सप्लाई किन बाजारों में की जा रही थी. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Must Read- बागड़पुर फ्लाईओवर के पास सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर, दो लोगों की गई जान


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola