UP Flood Alert: पीलीभीत में बारिश से बिगड़े हालात, उफनाईं नदियां, DM ने स्कूल बंद करने का दिया आदेश
पीलीभीत में बाढ़ का अलर्ट, शारदा का जलस्तर बढ़ा
पीलीभीत में भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. शारदा और खकरा नदियां उफान पर हैं, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने सतर्कता बरती है और बच्चों की सुरक्षा के लिए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को बुधवार, 2 सितंबर को बंद रखने का आदेश दिया है.
UP Flood News: यूपी में लगातार हो रही बारिश ने पीलीभीत के जनजीवन प्रभावित कर दिया है. कई इलाकों में जलभराव है और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिले में कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल बुधवार, दो सितंबर को बंद रहेंगे. इस बीच बनबसा बैराज से शारदा नदी में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने से बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है.
आठवीं तक के स्कूल बुधवार को रहेंगे बंद
बारिश और विद्यालयों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है. दो सितंबर को परिषद प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त और सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालय बंद रहेंगे. आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं.

शारदा का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट
पिछले 12 घंटे में हुई भारी बारिश के बाद शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. मंगलवार को बनबसा बैराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी शारदा नदी में छोड़ा गया. इसके बाद नदी किनारे बसे गांवों में चिंता बढ़ गई. डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने नदी किनारे के इलाकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जलस्तर की जानकारी ली. निचले इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
खकरा नदी में उफान, रपटा पुल डूबा
लगातार बारिश के कारण खकरा नदी भी उफान पर है. न्यूरिया बस स्टैंड से रामपुर बोरख होते हुए धनकुना जाने वाले मार्ग पर बना रपटा पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है. तेज बहाव के कारण इस रास्ते पर आवागमन बंद है. इससे सकोला, रफीयापुर, महचंदी, डंडिया, टोंडरपुर, दीननगर, हुलकरी ढकिया, कैमा और धनकुनी समेत करीब 18 गांवों के लोगों का संपर्क प्रभावित हुआ है.
गांवों में बढ़ी निगरानी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
रपटा पुल के दोनों ओर पानी काफी दूर तक फैल गया है. कई जगह पानी कमर तक पहुंच गया है. इससे ग्रामीणों और किसानों की परेशानी बढ़ी है. वहीं, न्यूरिया के निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति है. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है. जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है. बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के साथ अधिकारियों को जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए