कानपुर में खाकी पर हमला: चौबेपुर में PRB टीम को घेरा, सिपाहियों की वर्दी फाड़ी, सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़

सांकेतिक तस्वीर (AI इमेज )
UP Crime: कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस पर हमला हुआ है. विवाद सुलझाने गई यूपी-112 की पीआरबी टीम पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस दौरान सिपाहियों की वर्दी फट गई और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई.
UP Crime: चौबेपुर थाना क्षेत्र एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमले की घटना को लेकर चर्चा में है. यह वही इलाका है, जहां साल 2020 में हुए चर्चित बिकरू कांड ने पूरे देश का ध्यान खींचा था. शुक्रवार को भवानीपुर गांव में विवाद की सूचना पर पहुंची यूपी-112 की पीआरबी टीम पर हमला कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, भवानीपुर गांव में वीरेंद्र कमल और राहुल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद बढ़ने के बाद राहुल की पत्नी ने यूपी-112 पर फोन कर मदद मांगी. सूचना मिलने के बाद पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास करने लगी.
समझाने के दौरान बिगड़ा मामला
पुलिसकर्मी जब दूसरे पक्ष के नरेंद्र से बातचीत कर रहे थे, तभी स्थिति अचानक बिगड़ गई. आरोप है कि नरेंद्र पुलिसकर्मियों से उलझ गया. उसे रोकने की कोशिश की गई तो परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला किया. इस दौरान दोनों सिपाहियों की वर्दी फट गई और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया. हमलावरों ने पीआरबी वाहन में भी तोड़फोड़ की.
घटना का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने मौके से वीरेंद्र और कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मुख्य आरोपी नरेंद्र, उसकी पत्नी और अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है. आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने, मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
घायल पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती
हमले में घायल दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं राहुल ने आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष गांव में दबंगई करता है और अक्सर विवाद करता रहता है. दूसरी ओर गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है. उसका कहना है कि घटना के समय कई लोग मौजूद थे और उसे नहीं पता कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किसने की.
एसीपी बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान एक पक्ष पुलिस से भिड़ गया. मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
क्या था बिकरू कांड?
2-3 जुलाई 2020 को कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला किया गया था. इस घटना में तत्कालीन डिप्टी एसपी देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए थे. बिकरू कांड के बाद पुलिस ने विकास दुबे और उसके साथियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था. बाद में विकास दुबे को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था. कानपुर लाते समय पुलिस के अनुसार भागने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ें: UP में मानसून का तगड़ा कमबैक, 31 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 7 दिन बरसेंगे बादल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Tilak Kumar
तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










