कॉलेज से शुरू हुई प्रेम कहानी, शादी के 9 साल बाद टब में डुबोकर पत्नी की हत्या, जानिए वजह
सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक 29 वर्षीय शिक्षिका शालिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनका शव घर के बाथरूम में पानी से भरे टब में मिला, जिसके सिर और पैर पर चोट के निशान थे. मायके पक्ष ने पति और उसके भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है.
UP Crime News : फतेहपुर में 29 वर्षीय शिक्षिका शालिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गयी. घर के बाथरूम में पानी से भरे टब में उसका शव मिला. सिर और पैर पर चोट के निशान पाए गये हैं. मायके पक्ष ने पति और उसके दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
बाथरूम के टब में मिला शव
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गयी, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में एक महिला शिक्षिका का शव उसके घर के बाथरूम में पानी से भरे टब में मिला. मृतका की पहचान 29 वर्षीय शालिनी यादव के रूप में हुई है. शालिनी के सिर और पैर पर चोट के निशान पाए गये हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
निजी स्कूल में पढ़ाती थी शालिनी
शालिनी एक निजी स्कूल में अध्यापिका थी. वहीं उसका पति दिलीप यादव बहुआ ब्लॉक के चक अल्लीपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है. दोनों ने करीब नौ साल पहले प्रेम विवाह किया था. दंपती का सात साल का एक बेटा भी है. पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. मामले की जांच के लिए पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
कॉलेज के समय शुरू हुई थी प्रेम कहानी
मृतका की मां फूलमती के मुताबिक, शालिनी और दिलीप के बीच कॉलेज के समय से ही फोन पर बातचीत होती थी. बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गये. जब परिवार ने शालिनी की शादी कहीं और तय करनी चाही, तो उसने अपने पिता धर्मराज को दिलीप के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया. परिवार ने बेटी की पसंद को स्वीकार कर लिया और दोनों की शादी करा दी.
3 दिसंबर 2017 को हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, 3 दिसंबर 2017 को जयराम नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में शालिनी और दिलीप की शादी धूमधाम से हुई थी. शादी के बाद दोनों का एक बेटा हुआ. हालांकि, मायके वालों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से शालिनी परेशान थी और पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था.
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
शालिनी की मां फूलमती ने आरोप लगाया कि उसके पति दिलीप ने अपने दो सगे भाइयों भूपेंद्र और संदीप के साथ मिलकर धारदार हथियार से उसकी हत्या की. परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत उसके दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मीडिया रेपोर्ट्स के अनुसार फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा की, महिला के सिर और पैर पर चोट के निशान मिले हैं. पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल शालिनी की मौत हत्या है या किसी अन्य परिस्थिति में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
Also read : शादी का झांसा देकर 6 साल तक बनाया संबंध, फिर अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल, जानिए क्या है पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










