UP में ऑनलाइन शॉपिंग का चौंकाने वाला खेल, कार का पार्ट मंगाया तो पैकेट में निकली मिट्टी, VIDEO वायरल

Updated:
विज्ञापन

ऑनलाइन ऑर्डर में कार पार्ट की जगह पैकेट में निकली मिट्टी (AI)

UP News: ऑनलाइन खरीदारी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. लखनऊ में एक छात्र ने कार के डिस्प्ले के लिए हेड यूनिट मंगवाई, लेकिन पैकेट खोलने पर उसे मिट्टी मिली. इस घटना का वीडियो बनाकर छात्र ने पुलिस से शिकायत की है.

विज्ञापन

UP News: लखनऊ के दुबग्गा इलाके में ऑनलाइन खरीदारी से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आम्रपाली योजना निवासी 11वीं के छात्र ने कार के डिस्प्ले के लिए हेड यूनिट ऑनलाइन मंगाई थी, लेकिन डिलीवरी के बाद पैकेट खोलने पर उसमें सामान की जगह मिट्टी मिली. छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बनाया और पुलिस से शिकायत कर जांच व कार्रवाई की मांग की है.

ऑनलाइन मंगाई थी कार की हेड यूनिट

छात्र राजा चौहान के मुताबिक, उसने चार अगस्त को एक निजी कंपनी की वेबसाइट से कार के डिस्प्ले के लिए हेड यूनिट ऑर्डर की थी. इसके लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के यूपीआई के जरिए 1,999 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया था. मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे डिलीवरी मैन अरुण पार्सल लेकर उसके घर पहुंचा.

पैकेट खोला तो पार्ट की जगह मिली मिट्टी

राजा ने डिलीवरी मैन के सामने ही पार्सल खोला. पैकेट के अंदर कार के डिस्प्ले पार्ट की जगह मिट्टी देखकर वह हैरान रह गया. छात्र ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया. उसका कहना है कि घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी उसके पास मौजूद है.

पैसे वापस मांगने पर पहुंची पुलिस

छात्र ने सामान की जगह मिट्टी मिलने की शिकायत डिलीवरी मैन से की और भुगतान की रकम वापस कराने की मांग की. इसी दौरान विवाद बढ़ गया. राजा ने डिलीवरी मैन की बाइक की चाबी निकाल ली. इसके बाद डिलीवरी मैन ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को फटकार लगाई और बाइक की चाबी वापस दिलाई, जिसके बाद डिलीवरी मैन वहां से चला गया.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद छात्र ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. छात्र ने पुलिस को वीडियो और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने की जानकारी भी दी है. इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच कराई जा रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पैकेट में मिट्टी कैसे पहुंची और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.

Also Read: BPED में प्रवेश का मौका, शुरू हुई दक्षता परीक्षा, अब तक महज 275 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन


विज्ञापन
खुशबू कुमारी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola