West Champaran News: गंडक का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण परेशान, नाव और राहत सामग्री बढ़ाने की मांग
गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पश्चिम चंपारण के योगापट्टी प्रखंड के दियारा इलाके बाढ़ की चपेट में हैं. चौमुखा, जरलपुर खुटवनिया समेत कई पंचायतों में निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सड़कों पर जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
West Champaran News: गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद योगापट्टी प्रखंड के दियारा इलाकों में बाढ़ का असर बना हुआ है. चौमुखा, जरलपुर खुटवनिया, सिसवा मंगलपुर, डुमरी और बलुआ भवानीपुर पंचायत के निचले इलाकों में पानी पहुंचने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. कई जगह सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हुआ है.
चौमुखा में सड़क पर पानी, ग्रामीणों ने बनाया चचरी पुल
चौमुखा पंचायत के खलवा बड़हरवा गांव में सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. आवागमन की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चचरी पुल तैयार किया है. इससे लोगों को पानी के बीच आवाजाही में कुछ राहत मिली है.
सड़क और पुल के एप्रोच पथ भी क्षतिग्रस्त
बाढ़ के पानी के कारण कुछ अन्य स्थानों पर सड़क और पुल के एप्रोच पथ क्षतिग्रस्त हो गए हैं. इसके चलते ग्रामीणों को मुख्य रास्ते के बजाय वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है. कई जगह जलजमाव के कारण सामान्य आवागमन बाधित है.
गजना गांव में नाव के सहारे जरूरी काम
जरलपुर खुटवनिया पंचायत के गजना गांव में भी बाढ़ का पानी जमा है. ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय तक पानी रहने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं. जरूरी काम के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है.
बाजार, स्कूल और अस्पताल पहुंचना हुआ मुश्किल
बाढ़ के कारण किसानों के साथ आम लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है. प्रभावित इलाकों से बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचने में कई लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में नावों की संख्या बढ़ाने की मांग की है.
राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि गंडक का जलस्तर और बढ़ा या बारिश का सिलसिला जारी रहा तो दियारा क्षेत्र में परेशानी और बढ़ सकती है.
यह भी पढ़ें: महाबीरी अखाड़े के शुभारंभ पर खिलाड़ियों का सम्मान, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए