प्लास्टिक सर्जरी, विदेशी महिलाएं और हाई-प्रोफाइल रैकेट... लखनऊ में उज्बेकिस्तान की लोला गिरफ्तार
उज्बेकिस्तान की लोला गिरफ्तार
UP Crime News: लखनऊ में खुफिया एजेंसी आईबी ने उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायूमोवा को हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. उस पर नेपाल और उज्बेकिस्तान से महिलाओं को लाकर प्लास्टिक सर्जरी कराने और देह व्यापार कराने का आरोप है.
UP Crime News: यूपी की राजधानी लखनऊ में खुफिया एजेंसी आईबी ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया है. उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायूमोवा को हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि लोला नेपाल और उज्बेकिस्तान से महिलाओं को अवैध तरीके से लखनऊ लाती थी और डॉक्टर की मदद से उनकी प्लास्टिक सर्जरी कराकर हुलिया बदलवाती थी. इसके बाद पॉश इलाकों के फ्लैटों में रखकर उनसे देह व्यापार कराया जाता था. आईबी ने लोला को हिरासत में लेने के बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने के सुपुर्द कर दिया है. बताया जा रहा है कि वह करीब एक साल से वांछित थी. अब पुलिस और दूसरी एजेंसियां उसके पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं.
प्लास्टिक सर्जरी के बाद बदल देती थी पहचान
पुलिस जांच के मुताबिक लोला बेहद शातिर तरीके से अपना नेटवर्क चला रही थी. वह नेपाल और उज्बेकिस्तान से विदेशी महिलाओं को लखनऊ लाती थी. इसके बाद एक डॉक्टर की मदद से उनकी प्लास्टिक सर्जरी कराई जाती थी, जिससे उनका हुलिया बदल जाए. हुलिया बदलने के बाद इन महिलाओं को शहर के पॉश इलाकों में स्थित फ्लैटों में रखा जाता था. आरोप है कि यहीं से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जाता था.
2025 में विदेशी महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद हुई थी फरार
लोला की मुश्किलें 20 जून 2025 को बढ़ गई थीं. उस समय एफआरआरओ की टीम ने न्यू हजरतगंज स्थित एक अपार्टमेंट के कमरा नंबर 527 में छापेमारी की थी. कार्रवाई के दौरान होलिडा और नीलोफर नाम की दो विदेशी महिलाओं को पकड़ा गया था. जांच में दोनों के पास फर्जी दस्तावेज मिलने के साथ उनके अवैध रूप से भारत में रहने की पुष्टि हुई थी. इस कार्रवाई के बाद से ही लोला अंडरग्राउंड हो गई थी और करीब एक साल से एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं.
उज्बेकिस्तान में भी लुकआउट नोटिस
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि लोला कायूमोवा के खिलाफ उज्बेकिस्तान में लुकआउट नोटिस जारी है. आरोप है कि उसने चोरी-छिपे लखनऊ में शादी की थी और यहां अवैध रूप से रह रही थी. एजेंसियों के मुताबिक लोला के नेपाल और उज्बेकिस्तान में सक्रिय गिरोहों से भी संपर्क थे. अब उसके पकड़े जाने के बाद पुलिस इन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और विदेशी महिलाओं को लखनऊ तक लाने में किसकी भूमिका थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लोला से पूछताछ के आधार पर इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: पति को छोड़ प्रेमी से रचाई दूसरी शादी, ऋषभ ने उतारा मौत के घाट, दो महीने सूटकेस में बंद कर रखी छोटी की लाश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











