बरेली में जमीन खरीदना होगा महंगा, 20% तक बढ़ेगा सर्किल रेट, इन इलाकों पर पड़ेगा सीधा असर
बरेली में प्रॉपर्टी खरीदना हुआ महंगा .
UP News:उत्तर प्रदेश के बरेली में जमीन खरीदना जल्द ही महंगा हो सकता है. जिला प्रशासन ने कई शहरी, व्यावसायिक और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सर्किल रेट में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है. कुछ इलाकों में जमीन की सरकारी दरों में करीब 20 फीसदी तक इजाफा प्रस्तावित है.
UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में जमीन और प्रॉपर्टी खरीदना आने वाले दिनों में महंगा हो सकता है. जिला प्रशासन ने कई शहरी, व्यावसायिक और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सर्किल रेट में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है. कुछ इलाकों में जमीन की सरकारी दरों में करीब 20 फीसदी तक इजाफा प्रस्तावित है. डीएम ने नए सर्किल रेट को लेकर लोगों से 17 अगस्त तक आपत्तियां मांगी हैं.
कई प्रमुख इलाकों में बढ़ेंगी जमीन की दरें
जिला प्रशासन के प्रस्ताव के मुताबिक बरेली के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में जमीन की दरों में दो से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी की जा सकती है. नई बस्ती से गंगापुर चौराहा होते हुए श्यामगंज तक कई जगह व्यावसायिक जमीन की दर बढ़ाने का प्रस्ताव है. नई बस्ती में दर 82 हजार से बढ़ाकर 98 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर और नरकुलागंज में 81 हजार से 98 हजार रुपये करने का प्रस्ताव है.
श्यामगंज से रामपुर बाग तक बढ़ोतरी
श्यामगंज में व्यावसायिक जमीन का सर्किल रेट 97,500 रुपये से बढ़ाकर 98 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित किया गया है. गंगापुर में भी दर 82 हजार से बढ़ाकर 98 हजार रुपये करने का प्रस्ताव है. वहीं गांधी उद्यान से श्यामगंज चौराहे तक कुछ क्षेत्रों में दर 1.01 लाख से बढ़ाकर 1.21 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर की जा सकती है. रामपुर बाग में भी सर्किल रेट 1.10 लाख से बढ़ाकर 1.32 लाख रुपये प्रस्तावित है.
पीलीभीत बाइपास और सिविल लाइंस में भी बदलाव
पीलीभीत बाइपास रोड पर सेटेलाइट बस अड्डे से बीसलपुर चौराहे तक अकृषक भूमि की दर 48 हजार से बढ़ाकर 57 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का प्रस्ताव है. नवादा शेखान, जगतपुर, लाला बेगम और कस्बा हाफिजपुर में व्यावसायिक जमीन की दर 89 हजार से बढ़ाकर 1.06 लाख रुपये प्रस्तावित की गई है. सिविल लाइंस में अयूब चौराहे से नावल्टी चौराहे तक दर 1,18,500 से बढ़ाकर 1.42 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का प्रस्ताव है.
जनकपुरी और एकता नगर में भी महंगी होगी प्रॉपर्टी
जनकपुरी में आवासीय जमीन की अलग-अलग श्रेणियों की दरें 43 हजार से बढ़ाकर 50 हजार, 44 हजार से 51 हजार और 45 हजार से 52 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित की गई हैं. यहां व्यावसायिक दर 65,500 से बढ़ाकर 73 हजार रुपये करने का प्रस्ताव है. एकता नगर में आवासीय दरें 39 हजार से 47 हजार, 41 हजार से 49 हजार और 43 हजार से 51 हजार रुपये तक प्रस्तावित हैं, जबकि व्यावसायिक दर 69 हजार से बढ़ाकर 79 हजार रुपये की जा सकती है. प्रेमनगर और गांधीनगर में भी आवासीय और व्यावसायिक दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव है.
Also Read: CM योगी की Gen-Z को खास संदेश, बोले- युवा शक्ति ही यूपी की सबसे बड़ी ताकत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










