Gen Z के रास्ते पर Gen Alpha: लखनऊ में पढ़ाई ठप होने पर भड़कीं सर्वोदय विद्यालय की छात्राएं, बारिश के बीच किया उग्र प्रदर्शन
Gen Z के रास्ते पर Gen Alpha
UP News: लखनऊ के सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं ने प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भारी बारिश के बीच सड़क पर उतरकर उन्होंने शिक्षकों की कमी और खराब भोजन जैसी समस्याओं को उजागर किया।
UP News: राजधानी लखनऊ के पारा स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं ने सोमवार को प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. भारी बारिश के बीच कक्षा 6 से 12वीं तक की छात्राएं लगभग ढाई किलोमीटर पैदल चलकर दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं. छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी से पढ़ाई ठप है, भोजन की गुणवत्ता खराब है और इलाज की उचित व्यवस्था भी नहीं है.
डीएम के न आने पर मुख्यमंत्री आवास के लिए निकलीं
धरनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासन के अधिकारी छात्राओं को शांत कराने का प्रयास करने लगे. हालांकि, छात्राएं जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने और समस्याओं के तुरंत समाधान की मांग पर अड़ी रहीं. ढाई घंटे बीत जाने के बाद भी जब जिलाधिकारी नहीं पहुंचे, तो नाराज होकर छात्राएं पैदल ही मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ गईं. इसके बाद काकोरी, दुबग्गा और पारा थानों की पुलिस टीम उनके पीछे-पीछे चलती रही.
अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
छात्राओं के इस तरह अचानक सड़क पर उतरने और आगे बढ़ने से हरदोई रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और विद्यालय के शिक्षकों ने उन्हें रास्ते में रोका और काफी समझाने का प्रयास किया. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करने और उनकी मांगों को पूरा करने का ठोस आश्वासन दिया गया, जिसके बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और वापस विद्यालय लौटने के लिए राजी हुईं.
जांच टीम गठित, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है. यह जांच समिति छात्राओं द्वारा विद्यालय प्रबंधन पर लगाए गए गंभीर आरोपों—जैसे शिक्षकों की गैरहाजिरी, भोजन की घटिया गुणवत्ता, और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध न कराने—की निष्पक्ष जांच करेगी. शासन स्तर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषी कर्मचारियों और लापरवाह अध्यापकों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में व्यवस्थाओं को सुचारू रखा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









