Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री ने मयूरभंज जिले को 430 करोड़ रुपये की दी सौगात

Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 09 Jun 2026 12:44 AM

विज्ञापन

Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मयूरभंज में 430 करोड़ की 39 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को मयूरभंज जिले को विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए 430 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बारीपदा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के 650 बेड वाले अत्याधुनिक टीचिंग अस्पताल के नये भवन का उद्घाटन किया.

लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल न केवल मयूरभंज, बल्कि पूरे उत्तर ओडिशा और पड़ोसी क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा. लगभग 258 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, उन्नत निदान सेवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सा विभागों, आपातकालीन सेवाओं और बेहतर शिक्षण अवसंरचना से सुसज्जित है. नयी स्वास्थ्य परियोजना से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं घर के नजदीक उपलब्ध होंगी और उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल उत्तर ओडिशा का प्रमुख रेफरल सेंटर बनकर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नयी दिशा देगा. राज्य सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत-गोपबंधु जन आरोग्य योजना के तहत राज्य के 1.30 करोड़ परिवारों के 3.46 करोड़ लोगों को देशभर के प्रतिष्ठित सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है. पिछले 20 महीनों में जाजपुर, कंधमाल और तालचेर में तीन नये मेडिकल कॉलेज शुरू किये गये हैं तथा नवरंगपुर, ढेंकानाल, जगतसिंहपुर और भद्रक में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है.

चिकित्सा केवल पेशा नहीं, मानवता की सेवा का पवित्र दायित्व है : माझी

मेडिकल छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का पवित्र दायित्व है. उन्होंने छात्रों से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब, आदिवासी, दलित और वंचित वर्गों की सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानने का आह्वान किया.

100 करोड़ लागत वाली 83 पेयजल परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 39 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें 282 करोड़ रुपये से अधिक की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 149 करोड़ रुपये से अधिक की 18 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है. इसके अलावा लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 83 पेयजल परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया, जिससे जिले के कई क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होगा. कार्यक्रम में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ मुकेश महालिंग समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 650 बेड वाला नया अस्पताल उत्तर ओडिशा की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा और क्षेत्र के स्वास्थ्य परिदृश्य को बदल देगा.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola