छात्रों व विवि अधिकारियों में डेढ़ घंटे बहस गेट पर ताला जड़ काट दिये इन्वर्टर के तार

Updated at : 12 Apr 2018 5:47 AM (IST)
विज्ञापन
छात्रों व विवि अधिकारियों में डेढ़ घंटे बहस गेट पर ताला जड़ काट दिये इन्वर्टर के तार

चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्र नेताओं ने अपनी 16 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को छात्र संघ के सचिव सुबोध महाकुड़ के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया. उनके आंदोलन के कारण कुलपति समेत विश्वविद्यालय के वरीय अधिकारियों को अपने दफ्तर छोड़ प्रशासनिक भवन से बाहर आंदोलनकारी छात्रों के बीच आना पड़ा. सके बाद छात्र […]

विज्ञापन

चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्र नेताओं ने अपनी 16 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को छात्र संघ के सचिव सुबोध महाकुड़ के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया. उनके आंदोलन के कारण कुलपति समेत विश्वविद्यालय के वरीय अधिकारियों को अपने दफ्तर छोड़ प्रशासनिक भवन से बाहर आंदोलनकारी छात्रों के बीच आना पड़ा. सके बाद छात्र नेताओं एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक समस्याओं को लेकर सवाल-जवाब चलता रहा.

इस दौरान अधिकारियों व छात्र नेताओं के बीच कई बातों को लेकर बहस भी हुई. बहस के दौरान कुलसचिव डॉ. सत्येंद्र नारायण सिंह द्वारा पीजी विभाग के पूर्व सचिव कार्तिक महतो पर नेतागीरी करने का आरोप लगाये जाने पर प्रदर्शनकारी उग्र हो उठे तथा कुलसचिव सहित अधिकांश पदाधिकारियों पर छात्र प्रतिनिधियों के साथ ऐसा ही बर्ताव करने का आरोप लगाते हुए विद्यार्थियों से ढंग से बात करने की मांग करने लगे.

रैली की शक्ल में विवि पहुंचे आंदोलनकारी : इस धरना प्रदर्शन के लिए विद्यार्थी सुबह 10 बजे से ही टाटा कॉलेज परिसर में जमा होने लगे. करीब 11 बजे सभी कतारबद्ध हो रैली की शक्ल में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे तथा प्रशासनिक भवन के आगे धरने पर बैठ नारेबाजी करने लगे. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘शिक्षा सबका अधिकार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बहाल हो, कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्त हो, कुछ नहीं पढ़ाई दो आदि स्लोगन लिखी तख्तियां’ हाथों में थाम रखी थीं.
वहीं आंदोलनरत छात्रों के परिसर पहुंचने के बाद भी विवि अधिकारियों का कार्यालय आने का सिलसिला जारी रहा. इस दौरान मुख्य प्रवेश द्वार पर छात्रों के मौजूद रहने के कारण अधिकारी पीछे के गेट से विवि भवन में प्रवेश कर गये. इसकी जानकारी मिलने पर छात्र प्रतिनिधियों ने पिछले गेट में भी ताला जड़ दिया तथा इन्वर्टर के तार काट डाले. इससे गर्मी से त्रस्त अधिकारियों ने छात्रों को मनाने का काफी प्रयास भी किया गया, लेकिन वे नहीं माने. इस दौरान छात्र प्रतिनिधियों ने उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र हित की बातें नहीं सुन रहे हैं, इसलिए अपनी मांगों पर
लिखित आश्वासन नहीं मिलने तक आंदोलनरत इसी तरह जारी रहेगा. इसके बाद करीब 1 बजे कुलपति डॉ शुक्ला मोहंती सभी अधिकारियों के साथ छात्र प्रतिनिधियों से बात करने नीचे उतरीं. इसके बाद प्रशासनिक भवन के बाहर छात्र प्रतिनिधियों ने करीब डेढ़ घंटे तक कुलपति व अधिकारियों के समक्ष अपनी बातें रखीं. बाद में विवि प्रशासन ने उपर्युक्त मांगों पर आगामी दस दिनों के अंदर प्रयास करने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद करीब 2.30 बजे छात्रों का आंदोलन समाप्त हुआ.
विद्यार्थियों ने कहा
अधिकारियों पर छात्र प्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार का आरोप
वीसी पांच दिन नहीं आयी तो वे पांच दिनों तक यूंही आंदोलनरत रहेंगे
आरपीपी सिंह के जाने के बाद हो रहीं है मनमानी
मैम शौचालय में दरवाजा नहीं हैं कहा जायें
दो शिक्षकों के भरोसे पीजी की पढ़ाई कहां होती है
वीसी ने कहा
प्रतियोगिता कोचिंग चालू कराने को प्रयासरत
नैक प्राप्त कॉलेजों में साफ-सफाई व पानी की समुचित व्यवस्था
कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई विवि नहीं करा सकता
लड़कियां नहीं पहनना चाहती ड्रेस, इसलिए ड्रेस कोड में दिक्कत
विश्वविद्यालय नहीं खोल सकता एनसीसी विंग
स्वास्थ्य सुविधा के लिए हमारें पास फंड नहीं
आरटीआइ शुल्क कम करने का प्रस्ताव सिंडिकेट में रखेंगे
तुम लोगों से मिलने आने वाली थी, लेकिन भाषणबाजी ज्यादा हो रहीं थी
कॉलेजों में मौजूद हैं खेल सामाग्री, केवल पीजी विभाग में नहीं
सरकार घंटी अधारित ही शिक्षक दे रहीं, हम क्या करें
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola